http://www.bbcchindi.com

जीत के अरमान लिए भारतीय टीम रवाना

लेग स्पिनर अनिल कुंबले की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम विश्व चैंपियन को उसके घर में ही शिकस्त देने के अरमान लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना हो गई है.

सोलह सदस्यीय भारतीय टीम सोमवार की सुबह मुंबई से रवाना हुई और सिंगापुर के रास्ते मेलबोर्न पहुँचेगी. भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के लगभग ढाई महीने के दौरे पर है.

इस दौरान वह ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ चार टेस्ट और त्रिकोणीय एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सिरीज़ खेलेगी. त्रिकोणीय सिरीज़ की तीसरी टीम श्रीलंका होगी.

मुश्किल चुनौती

टीम की रवानगी से पहले कप्तान कुंबले ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ ऑस्ट्रेलिया में मुक़ाबला बेहद चुनौतीपूर्ण है.

उन्होंने कहा, "बेशक चुनौती मुश्किल है, लेकिन हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो ऑस्ट्रेलिया में सिरीज़ जीतने का माद्दा रखते हैं."

टेस्ट इतिहास में भारतीय टीम अभी तक ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सिरीज़ नहीं जीत सकी है, हालाँकि पिछली सिरीज़ में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन सिरीज़ 1-1 की बराबरी पर ख़त्म हुई थी.

कुंबले ने कहा, "हमने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ टेस्ट और वनडे सिरीज़ में शानदार प्रदर्शन किया है और निश्चित रूप से टीम का मनोबल ऊँचा है."

उन्होंने कहा, " हमारे पास अनुभव और युवा जोश का अच्छा समन्वय है. खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ़ हैं."

इस अहम दौरे के लिए 24 संभावितों से भी नज़रअंदाज किए गए वीरेंद्र सहवाग को चयनकर्ताओं ने अंतिम क्षणों में 16 सदस्यीय टीम में जगह दी है.

माना जा रहा है कि दिल्ली के इस बल्लेबाज़ को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ उनके बेहतरीन रिकॉर्ड का तोहफा मिला है.

भारतीय टीम दौरे की शुरुआत 20 दिसंबर से विक्टोरिया के ख़िलाफ़ तीन दिवसीय अभ्यास मैच से करेगी.

दोनो टीमों के बीच पहला टेस्ट 26 दिसंबर से मेलबोर्न में खेला जाएगा.