http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 04 दिसंबर, 2007 को 21:23 GMT तक के समाचार

वेंगसरकर टीम चयन में हिस्सा लेंगे

अटकलों को समाप्त करते हुए भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर ने बुधवार को बंगलौर में होने वाली चयन समिति की बैठक में हिस्सा लेने का फ़ैसला किया है.

इसके पहले ख़बरें आ रही थीं कि विरोध स्वरूप वो इस बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे.

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के प्रमुख शरद पवार के साथ फ़ोन पर लंबी बातचीत के बाद वेंगसरकर ने मंगलवार रात फ़ैसला किया कि वो बुधवार को बंगलौर में चयन समिति की बैठक में मौजूद रहेंगे.

इस बैठक में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ अंतिम टेस्ट और आस्ट्रेलियाई दौरे के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा.

वेंगसरकर ने कहा, ''मैंने भारतीय क्रिकेट के हितों को देखते हुए और बोर्ड के रवैए में नरमी के बाद बैठक में हिस्सा लेने का फ़ैसला किया है.''

अखबारों में कॉलम लिखने और मीडिया से बातचीत पर बीसीसीआई के प्रतिबंध से नाराज़ वेंगसरकर कोलकाता में चल रहे दूसरे टेस्ट के बीच से ही मुंबई लौट गए थे.

बीसीसीआई के अध्यक्ष शरद पवार ने मंगलवार को कहा था कि वो चाहते हैं कि वेंगसरकर अपने पद पर बने रहें.

उनका कहना था कि बीसीसीआई कॉलम न लिखने के लिए मुआवज़े की उनकी 'उचित' माँग पर विचार करेगा.

इससे पहले बोर्ड ने कहा था कि वेंगसरकर चाहें तो अपना पद छोड़ सकते हैं.

बोर्ड के रुख़ में इस बदलाव के बाद वेंगसरकर ने बुधवार को बंगलौर में होने वाली चयन समिति की बैठक में हिस्सा लेने का फ़ैसला किया है.