रविवार, 02 दिसंबर, 2007 को 14:12 GMT तक के समाचार
भारतीय क्रिकेट बोर्ड की चयन समिति के प्रमुख दिलीप वेंगसरकर ने अपने पद से इस्तीफ़ा देने की पेशकश की है लेकिन बोर्ड ने उनसे अपने फ़ैसले पर विचार करने को कहा है.
हालांकि बोर्ड के सचिव निरंजन शाह का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है.
शाह ने बीबीसी से बातचीत में कहा ' हो सकता है कि वेंगसरकर ने पवार को पत्र लिखा हो. मुझे इसकी जानकारी नहीं लेकिन हम अख़बार में कॉलम लिखने के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा. '
संवाद समिति पीटीआई ने बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के हवाले से कहा है कि वेंगसरकर पद छोड़ना चाहते हैं और इस बारे में उन्होंने शनिवार की शाम बोर्ड अध्यक्ष पवार से बात की है.
शुक्ला के अनुसार बोर्ड ने वेंगसरकर से कहा है कि वो ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले टीम चयन को देखते हुए फिलहाल पद न छोड़े और विचार करें.
शुक्ला ने कहा ' बोर्ड का मानना है कि 5 दिसंबर को चयन समिति की बैठक है जिसमें टीम चुनी जानी है. ऐसे में निजी मुद्दों को दूर रखना चाहिए. राष्ट्रीय हित अधिक महत्वपूर्ण हैं. निजी मुद्दों पर बाद में बात हो सकती है.'
वेंगसरकर और बोर्ड के बीच अख़बार में कॉलम लिखे जाने को लेकर विवाद चल रहा है. वेंगसरकर मराठी अख़बार में कॉलम लिखते थे जिसके लिए उन्हें बोर्ड ने मना किया था.
यह पूछे जाने पर कि वेंगसरकर ने शृंखला के बीच में क्यों इस्तीफ़ा दिया जबकि बोर्ड और वेंगसरकर के बीच मामला सुलझता हुआ लग रहा था तो शुक्ला ने कहा कि बोर्ड ने चयन समिति के लिए जो सात सूत्री निर्देश जारी किए हैं उसमें कुछ निर्देशों पर वेंगसरकर को आपत्ति है.