http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 22 नवंबर, 2007 को 12:22 GMT तक के समाचार

इंग्लैंड के फुटबॉल कोच की छुट्टी

यूरो 2008 के लिए क्वालीफ़ाई करने में नाकाम रही इंग्लैंड की फुटबॉल टीम के कोच स्टीव मैकलारेन को उनके पद से हटा दिया गया है.

इंग्लैंड की फुटबॉल टीम के असिस्टेंट कोच टेरी वेनेबल्स को भी पद से हटा दिया गया है, बताया गया है कि इंग्लैंड फुटबॉल एसोसिएशन के निदेशक मंडल ने यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया है.

क्रोएशिया से इंग्लैंड को मिली हार के बाद फुटबॉल एसोसिएशन की आपातकालीन बैठक हुई जिसके फ़ौरन बाद कोच मैकलारेन और असिस्टेंट कोच वेनेबल्स को हटाने की घोषणा कर दी गई.

अपने ही देश में वेम्बली ग्राउंड पर क्रोएशिया से इंग्लैंड के 3-2 से हारने के बाद मैकलारेन के लिए कोच बने रहना संभव नहीं रह गया था.

फुटबॉल एसोसिएशन के मुख्य कार्यकारी ब्रायन बारविक ने कहा, "मैंने स्टीव से बात की है, मैं उन्हें अपनी शुभकामनाएँ देता हूँ, लेकिन यूरो 2008 में क्वालीफ़ाई न करना बहुत बड़ी चूक है."

मैकलारेन इंग्लैंड के फुटबॉल इतिहास में सबसे कम समय तक कोच रहने वाले व्यक्तियों में से हैं, उनके नेतृत्व में इंग्लैंड की टीम ने सिर्फ़ 18 मैच खेले.

फुटबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन ज्यॉफ़ थॉमसन ने कहा, "इंग्लैंड की टीम के किसी भी फैन की तरह मेरे मन में भी बहुत कड़वाहट है, हम यूरो 2008 में क्वालीफ़ाई तक नहीं कर सके."

46 वर्षीय मैकलारेन को चार वर्ष का अनुबंध दिया गया था, उन्हें पद से हटाने के लिए कम से कम 20 लाख पाउंड यानी लगभग 16 करोड़ रुपए का मुआवज़ा दिया जाएगा.