http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 29 अक्तूबर, 2007 को 19:36 GMT तक के समाचार

'शोएब अख़्तर बड़ा ख़तरा साबित होंगे'

पाकिस्तान के कोच जैफ़ लॉसन का मानना है कि आगामी सिरीज़ में शोएब अख़्तर भारत के लिए सबसे बड़ा ख़तरा साबित होंगे.

उनका मानना है कि शोएब भारत में शानदार प्रदर्शन करेंगे. साथ ही उनका कहना था कि शोएब के लिए ये अंतिम अवसर होगा.

ग़ौरतलब है कि शोएब पर 13 मैचों का प्रतिबंध हाल में समाप्त हुआ है.

उन पर ये प्रतिबंध पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने साथी खिलाड़ी मोहम्मद आसिफ़ को बैट से मारने के कारण लगाया था.

शोएब को दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ के अंतिम मैच में खिलाया गया था जिसमें उन्होंने चार विकेट लिए.

लॉसन ने एक भारतीय टीवी चैनल से बातचीत में कहा,'' शोएब अख़्तर भारत के लिए सबसे बड़ा ख़तरा साबित होंगे.''

लॉसन का कहना था,'' ये वो भी जानते हैं कि ये उनके लिए अंतिम अवसर है. वो इस समय सही काम कर रहे हैं और फिट नज़र आ रहे हैं.''

उनका कहना था कि यदि वे अपने फॉर्म में हुए तो सिरीज़ में उनकी प्रमुख भूमिका होगी. मेरा काम ये सुनिश्चित करना है कि वो फॉर्म में रहें.

शोएब अख़्तर को अपने साथी आसिफ़ को बैट से मारने के कारण दक्षिण अफ़्रीका में आयोजित ट्वेन्टी 20 विश्व कप से वापस भेज दिया गया था.

हालांकि उन पर लगा प्रतिबंध समाप्त हो गया है लेकिन अनुशासन तोड़ने का कोई भी मामला उन पर आजीवन प्रतिबंध लगवा सकता है.