शनिवार, 27 अक्तूबर, 2007 को 10:46 GMT तक के समाचार
विवादों में घिरे रहने वाले पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख्तर को 13 मैचों के प्रतिबंध के बाद फिर टीम में वापस बुलाया गया है.
शोएब दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ सोमवार को लाहौर में होने वाले निर्णायक पांचवें और आख़िरी वनडे में खेल सकते हैं.
दोनों टीमें इस समय दो-दो मैच जीतकर बराबरी पर हैं.
इसके साथ साथ शोएब को टीम के अगले महीने होने वाले भारत दौरे में पांच वनडे मैचों की सिरीज़ में 16 संभावित खिलाड़ियों में जगह दी गई है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के मुख्य चयनकर्ता सलाउद्दीन अहमद ने शुक्रवार को बताया कि शोएब प्रतिबंध की मियाद पूरी कर लेने और फिटनेस में खरे उतरने के बाद 16 खिलाड़ियों में शामिल किया गया है.
उन्होंनें कहा भारत दौरे के दौरान शोएब टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी होंगें जिससे टीम की तेज़ गेंदबाज़ी को और ताकत मिलेगी.
विवाद और शोएब
शोएब को द.अफ़्रीका में सितंबर में हुए ट्वंटी-20 विश्वकप की शुरूआत में ही साथी खिलाड़ी मोहम्मद आसिफ़ के साथ झगड़े के कारण वापस भेज दिया गया था.
उन पर मोहम्मद आसिफ़ से झगड़े में बैट से हमला करने का आरोप था. इसके बाद शोएब पर आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में 13 मैचों का प्रतिबंध और 28 हजार पौंड का जुर्माना किया गया था.
शोएब को फिलहाल दो साल के प्रोबेशन पर रखा गया है जिसका मतलब है कि अगर इस अवधि के दौरान वो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के नियमों को तोड़ेंगें तो उनपर आजीवन प्रतिबंध लग सकता है.
भारत के खिलाफ पांच वन डे के बाद आगामी तीन टेस्ट मैचों के लिए पाकिस्तानी टीम की घोषणा बाद में की जानी है.
पीसीबी के चयनकर्ती ने एकदिवसीय मैचों के लिए चयनित टीम को बेहद संतुलित बताते हुए कहा, " शोएब और आसिफ़ की पाकिस्तीनी टीम में वापसी से गेंदबाज़ी आक्रमण भरोसेमंद हो जाएगा."
गौरतलब है कि लंबे समय के बाद वापसी करने वाले शोएब ने इससे पहले गतवर्ष सितंबर में इंग्लैंड के खिलाफ़ अपना आखिरी वनडे खेला था.
संभावित पाकिस्तान टीम-
शोएब मलिक(कप्तान), शाहिद अफ़्रीदी, सलमान बट, इमरान नाजिर, यासिर हमीद, योनिस ख़ान, मोहम्मद यूसुफ़, मिसबाह-उल-हक़, फ़वाद आलम, कामरान अकमल, शोएब अख़्तर, मोहम्मद आसिफ़, उमर गुल, राव इफ़्तिक़ार, सोहेल तनवीर, अब्दुल रहमान