गुरुवार, 25 अक्तूबर, 2007 को 17:02 GMT तक के समाचार
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया के साथ होने वाली सिरीज़ के दौरान टीम के आक्रामक तेवर जारी रहने के संकेत दिए हैं.
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ये आक्रामकता एक दायरे के भीतर ही होगी.
धोनी ने अपने गृहनगर झारखंड की राजधानी रांची में गुरूवार को आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान संवाददाताओं से कहा कि भारत ने हाल में काफी क्रिकेट खेला है और दो अहम दौरों से पहले टीम को एक ब्रेक की ज़रूरत है.
उन्होंने साफ़तौर पर संकेत दिए कि टीम के आक्रामक तेवर जारी रहेंगें, पर उन्होंने यह भी कहा कि क्रिकेट एक ऐसा खेल है जिसमें कई नियम और मापदंड तय कर दिए गए हैं.
उन्होंने कहा कि आक्रामकता अगर एक दायरे में हो तो इसमें हर्ज ही क्या है.
उल्लेखनीय है कि हाल ही में आस्ट्रेलिया के साथ संपन्न सात एकदिवसीय मैचों की सिरीज़ और ट्वंटी-20 के एक मैच के दौरान भारत के आक्रामक तेवरों की काफ़ी चर्चा रही थी.
सम्मान
समारोह के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री मधुकोड़ा ने धोनी को पांच लाख रूपए और एक टोयोटा कोरोला कार देकर सम्मानित किया.
धोनी ने कार तो स्वीकार कर ली लेकिन पाँच लाख रुपए की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में ज़रूरतमंदों के लिए दान कर दी.
इस पुरस्कार की घोषणा धोनी की कप्तानी में भारत के दक्षिण अफ़्रीका में आयोजित ट्वेंटी-20 विश्व चैंपियन बनने के बाद की गई थी.
इससे पहले धोनी अपने एक नये लुक में बुधवार को राँची पहुँचे थे.
इस बार धोनी के लंबे बड़े बाल कट गए थे और उसकी जगह करीने से कटे हुए छोटे बाल चर्चा का विषय बना हुए थे.
एयरपोर्ट पर उनके प्रशंसकों और मीडिया के लोगों की बड़ी भीड़ थी और वहाँ 'धोनी ज़िंदाबाद' और 'वेलकम धोनी' जैसे नारे लग रहे थे.