शनिवार, 20 अक्तूबर, 2007 को 08:59 GMT तक के समाचार
हाल में संपन्न सात वनडे मैचों की सिरीज़ के बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें शनिवार को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में होने वाले एकमात्र ट्वेन्टी-20 मैच के लिए फिर आमने-सामने होंगीं.
वनडे सिरीज़ में भारत भले ही ऑस्ट्रेलिया से 4-2 से हार गया हो लेकिन यह भी नहीं भूलना चाहिए कि भारत पिछले महीने दक्षिण अफ़्रीका में हुए ट्वेन्टी-20 विश्वकप का चैंम्पियन है.
भारत की ओर से ट्वेन्टी-20 चैंम्पियन वाली टीम में सिर्फ़ एक बदलाव किया गया है. मुंबई में वनडे सिरीज़ के आखिरी मैच में शानदार गेंदबाज़ी करते हुए छह विकेट लेने वाले स्पिनर मुरली कार्तिक को पीयूष चावला की जगह टीम में लाया गया है.
चोटिल भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का फ़िट होना भी भारतीय टीम के लिए एक बड़ी राहत की बात है. उधर ऑस्ट्रेलियाई टीम में हेडन की वापसी हुई है. वह भी मुंबई वनडे में नहीं खेले थे.
विश्व की सर्वश्रेष्ठ टीम कहलाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए ट्वेन्टी-20 विश्वकप बुरे सपने की तरह रहा. जिसमें उसे जिम्बाब्बे जैसी टीमों से मुंह की खानी पड़ी थी, और सेमीफ़ाइनल में भारत से हारकर टीम मुक़ाबले से बाहर हो गई थी.
पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी अरूण लाल का कहना है कि दोनों ही टीमों के बीच कांटे की टक्कर होने की संभावना है और मैच के दौरान बल्लेबाज़ों का ही जलवा रहेगा.
अरुण लाल के अनुसार “ट्वेन्टी-20 एक बिल्कुल अलग तरह का खेल है, कुछ भी परिणाम संभव है. भारत ट्वेन्टी-20 का विजेता है और वनडे के सातवें और आखिरी मैच में मिली रोमांचक जीत से उसका मनोबल भी ऊंचा होगा”.
उन्होंने कहा कि इस मैच में जीत हासिल करने के लिए भारतीय बल्लेबाज़ों को अपना असली दमखम दिखाना होगा. साथ ही गेंदबाजों को अपना प्रदर्शन सुधारना होगा.
भारत की पूरी कोशिश होगी कि इस एकमात्र मैच को ही जीतकर वनडे सिरीज़ में मिली करारी हार को भुला दे. तो वहीं ऑस्ट्रेलिया अपनी बादशाहत क़ायम रखने के लिए मैदान में उतरेगा.
संभावित भारतीय टीम-
वीरेन्द्र सहवाग, गौतम गंभीर, रॉबिन उथप्पा, युवराज सिंह, महेंद्र सिंह धोनी(कप्तान), रोहित शर्मा, इरफ़ान पठान, मुरली कार्तिक, हरभजन सिंह, आरपी सिंह, एस श्रीसंत.
संभावित ऑस्ट्रेलिया टीम-
मैथ्यू हैडन, एडम गिलक्रिस्ट(विकेट कीपर), रिकी पोंटिंग(कप्तान), एंड्रयू सायंमंड्स, माइकल क्लार्क, ब्रेड हाग, जेम्स होप्स, ब्रेटली, मिशेल जॉनसन, नाथन ब्रेकेन, स्टुअर्ट क्लार्क.