http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 08 अक्तूबर, 2007 को 23:38 GMT तक के समाचार

मरियन जोंस ने ओलंपिक पदक लौटाए

अमरीका की ओलंपिक चैंम्पियन एथलीट मरियन जोंस ने शक्तिवर्धक दवाओं के सेवन की बात स्वीकार करते हुए अपने ओलंपिक पदक लौटा दिए हैं.

साथ ही उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए दो वर्ष के प्रतिबंध को भी स्वीकार कर लिया है.

मरियन जोंस ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार करते हुए पिछले सप्ताह शुक्रवार को खेलों से संन्यास ले लिया है.

पिछले दिनों जाँच के दौरान जोंस ने अपना प्रदर्शन सुधारने के लिए शक्तिवर्धक दवाएँ लेने की बात स्वीकार की थी और अपनी इस ग़लती को भी माना था कि उन्होंने अमरीकी जाँचकर्ताओं को पूछताछ के दौरान झूठी जानकारी दी.

जोंस पर 2004 में हुए सिडनी ओलंपिक से पहले शक्तिवर्धक दवाएँ लेने का आरोप लगा था. इस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने तीन स्वर्ण समेत पाँच पदक अपने नाम किए.

अमरीकी अदालत में दिए बयान में अब मरियन जोंस ने माना है कि उन्होंने सितंबर 2000 से जुलाई 2001 के बीच शक्तिवर्धक दवाओं का सेवन किया था.

जोंस का कहना है कि उन्होंने खाने में एक तरह के तेल 'फ्लैक्सीड ऑयल' का सेवन किया था. डोपिंग मामलों में इसे शक्तिवर्धक दवा 'द क्लीयर' कहा जाता है.

जोन्स पर लगे इस आरोप के साबित होने के बाद अब उनको जेल भी जाना पड़ सकता है और इस बारे में अदालत उन्हें सज़ा सुना सकती है.