http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 17 सितंबर, 2007 को 12:30 GMT तक के समाचार

नॉरिस प्रीतम
दिल्ली से

भारत में फ़ॉर्मूला वन होना तय

अब भारत में फ़ॉर्मूला वन रेस होना तय हो गया है क्योंकि अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने इस रेस के लिए दिल्ली से सटे सोहना और ग्रेटर नोएडा को हरी झंडी दे दी है.

भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि विशेषज्ञों ने गुड़गांव के पास सोहना और उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की पहचान ऐसे स्थानों के तौर पर की हैं जहां फ़ॉर्मूला वन रेस के लिए ट्रैक बन सकता है.

कलमाडी ने बताया कि अब भारतीय ओंलंपिक संघ तय करेगा कि ये ट्रैक कहां बनाया जाएगा.

हरियाणा और उत्तर प्रदेश ने रेस ट्रैक बनाने के लिए भी अनुमति दे दी है. भारत मे पहली फ़ॉर्मूला वन रेस का आयोजन 2010 में किया जाएगा.

उल्लेखनीय है कि इससे पहले विजय माल्या ने फ़ॉर्मूला वन के आयोजन को समर्थन की घोषणा की थी और स्पाइकर-फरारी के अधिग्रहण के साथ फ़ॉर्मूला वन मोटरकारों में भारत की रुचि का संकेत भी दे दिया था.

इस बीच मोटर स्पोर्टस में भारत ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है.

ग्रां प्री 2 में पहली बार किसी भारतीय ने जीत दर्ज की है. करुण चंडोक पहले भारतीय हैं जिन्होंने बेल्जियम के स्पा सर्किट में हुई इस प्रतियोगिता मे पहला स्थान हासिल किया.

नारायण कार्तिकेयन के बाद अब करुण चंडोक भी मोटर स्पोर्ट में अपनी पहचान बना रहे हैं. ग्रां प्री में अच्छा प्रदर्शन करने वाले ड्राईवरों को फ़ॉर्मूला वन में जगह दी जाती है.