http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 15 सितंबर, 2007 को 16:12 GMT तक के समाचार

श्रीलंका ने न्यूज़ीलैंड को भी पीटा

सनत जयसूर्या ने एक बार फिर धमाकेदार पारी खेली और श्रीलंका ने ट्वेन्टी 20 विश्व कप के एक मैच में न्यूज़ीलैंड को सात विकेट से हरा दिया है.

न्यूज़ीलैंड ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुक़सान पर 164 रन बनाए. जवाब में श्रीलंका ने सिर्फ़ तीन विकेट के नुक़सान पर 18.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.

श्रीलंका की ओर से जयसूर्या ने सिर्फ़ 44 गेंद पर छह चौके और तीन छक्के लगाते हुए 61 रन बनाए. पहले विकेट की साझेदारी में जयसूर्या ने उपुल थरंगा के साथ मिलकर 82 रन जोड़े.

थरंगा ने 37 रनों की पारी खेली. कुमार संगकारा ने 14 रन बनाए जबकि कप्तान महेला जयवर्धने ने 35 रनों की नाबाद पारी खेली. चमारा सिल्वा नौ रन बनाकर नाबाद रहे.

न्यूज़ीलैंड की पारी

इससे पहले न्यूज़ीलैंड के कप्तान डेनिएल वेटोरी ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी चुनी. लेकिन न्यूज़ीलैंड के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे. लू विंसेंट 14 और ब्रैंडन मैकुलम 10 रन बनाकर आउट हो गए.

फ़ुल्टन ने 25 रन बनाए. लेकिन सबसे अच्छी पारी खेली रॉस टेलर ने. टेलर ने 42 गेंद पर 62 रन बना डाले. जैकब ओरम 33 रन बनाकर नाबाद रहे.

न्यूज़ीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 164 रन बनाए. श्रीलंका की ओर से दिलहारा फ़र्नांडो ने दो विकेट लिए जबकि जयसूर्या, विजेकून और लसिथ मलिंगा ने एक-एक विकेट लिए.

श्रीलंका और न्यूज़ीलैंड की टीमें इस ग्रुप से पहले ही सुपर-8 के लिए क्वालीफ़ाई कर चुकी हैं. श्रीलंका ने अपने दोनों मैच जीते, जबकि न्यूज़ीलैंड सिर्फ़ एक मैच ही जीत पाया. कीनिया की टीम एक भी मैच नहीं जीत पाई.