http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 13 सितंबर, 2007 को 13:22 GMT तक के समाचार

वेस्टइंडीज़ ट्वेन्टी 20 विश्व कप से बाहर

वेस्टइंडीज़ की टीम ट्वेन्टी 20 विश्व कप से बाहर हो गई है. गुरुवार को हुए एक अहम मैच में बांग्लादेश ने वेस्टइंडीज़ को छह विकेट से हरा दिया. ये प्रतियोगिता में वेस्टइंडीज़ की लगातार दूसरी हार थी.

पहले मैच में वेस्टइंडीज़ की टीम मेज़बान दक्षिण अफ़्रीका से हार गई थी. वेस्टइंडीज़ ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 164 रन बनाए.

लेकिन बांग्लादेश ने जीत के लिए ज़रूरी 165 रन सिर्फ़ चार विकेट के नुक़सान पर 18वें ओवर में ही बना लिए. बांग्लादेश की ओर से कप्तान मोहम्मद अशरफ़ुल ने ट्वेन्टी 20 का सबसे तेज़ अर्धशतक लगाया और बांग्लादेश को जीत दिला दी.

अशरफ़ुल के साथ आफ़ताब अहमद ने भी शानदार पारी खेली और 109 रनों की अहम साझेदारी की.

प्रदर्शन

बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग करने का फ़ैसला किया. वेस्टइंडीज़ को सबसे तगड़ा झटका उस समय लगा जब पहले मैच में शतक लगाने वाले क्रिस गेल बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौट गए.

लेकिन उसके बाद डेवॉन स्मिथ, शिवनारायण चंद्रपॉल और मर्लॉन सैमुएल्स ने तेज़ी से रन बनाए. लेकिन कप्तान रामनरेश सरवन और दिनेश रामदीन सस्ते में निपट गए.

बाद में ड्वेन स्मिथ ने सिर्फ़ सात गेंद पर 29 रन बनाए और वेस्टइंडीज़ 20 ओवर में 164 रन बनाने में सफल रहा. डेवॉन स्मिथ ने सबसे ज़्यादा 51 रन बनाए. जबकि चंद्रपॉल ने 37 और सैमुएल्स ने 27 रन बनाए.

बांग्लादेश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. लेकिन आफ़ताब अहमद और मोहम्मद अशरफ़ुल ने शानदार पारी खेलते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी. अशरफ़ुल को मैन ऑफ़ द मैच का पुरस्कार मिला.

अब ग्रुप ए से बांग्लादेश और दक्षिण अफ़्रीका की टीम सुपर-8 में जाएगी.