http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 13 सितंबर, 2007 को 11:38 GMT तक के समाचार

आईसीएल के जवाब में आईपीएल

ज़ी समूह के इंडियन क्रिकेट लीग की तर्ज़ पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने ट्वेन्टी 20 प्रतियोगिता की घोषणा की. इस प्रतियोगिता का नाम होगा इंडियन प्रीमियर क्रिकेट लीग (आईपीएल).

नई दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैकग्रॉ और न्यूज़ीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफ़ेन फ़्लेमिंग के साथ सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले भी मौजूद थे.

बीसीसीआई के उपाध्यक्ष ललित मोदी ने बताया, "इस प्रतियोगिता में भारत की दो टीमें हिस्सा लेंगी और उनका मुक़ाबला होगा इंग्लैंड, दक्षिण अफ़्रीका और ऑस्ट्रेलिया की घरेलू ट्वेन्टी 20 प्रतियोगिता के फ़ाइनल में पहुँचने वाली टीमों से."

इस प्रतियोगिता में पुरस्कार की राशि 25 लाख पाउंड होगी जिसमें से 10 लाख पाउंड की राशि विजेता टीम को मिलेगी. बीसीसीआई की इस घोषणा को ज़ी-समूह के इंडियन क्रिकेट लीग का जवाब माना जा रहा है.

ज़ी-समूह का इंडियन क्रिकेट लीग इस साल अक्तूबर-नवंबर में प्रस्तावित है.

दो साल पहले इंग्लैंड के काउंटी क्लब लेस्टरशायर ने ऐसी ही प्रतियोगिता का आयोजन किया था. हालाँकि वो प्रतियोगिता बड़े स्तर की नहीं थी. और उस प्रतियोगिता की विजेता बनी थी पाकिस्तान की फ़ैसलाबाद वूल्व्स की टीम.

स्वागत

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई की इस योजना का स्वागत किया.

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड कोलियर ने कहा, "ट्वेन्टी 20 क्रिकेट ने लोगों को रोमांचित किया है और नई पीढ़ी का भी उत्साह बढ़ा है."

उन्होंने कहा कि ट्वेन्टी 20 प्रतियोगिताओं के कारण काउंटी खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिता का नया दरवाज़ा खुला है. बीसीसीआई ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में प्रतियोगिता का और विस्तार होगा और अन्य टेस्ट खेलने वाले देशों की टीमें भी इसमें शामिल होंगी.

इस समय दक्षिण अफ़्रीका में ट्वेन्टी 20 विश्व कप चल रहा है और बीसीसीआई ने ट्वेन्टी 20 प्रतियोगिता के लिए यही समय चुना. पहले ग्लेन मैकग्रॉ और शेन वॉर्न का नाम ज़ी समूह के आईसीएल से जोड़ा जा रहा था.

लेकिन दोनों से इससे इनकार किया. हालाँकि आईसीएल पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंज़माम-उल-हक़, मोहम्मद यूसुफ़, अब्दुल रज़्ज़ाक़ और इमरान फ़रहत को अपने पाले में लाने में सफल रहा था.

वेस्टइंडीज़ के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा भी आईसीएल से जुड़े हैं. जबकि दक्षिण अफ़्रीका के लांस क्लूज़नर और निकी बोए भी ज़ी-समूह के आईसीएल में शामिल हो चुके हैं.

बीसीसीआई पहले ही ये स्पष्ट कर चुका है कि आईसीएल से जुड़ने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में नहीं शामिल किया जाएगा और ना ही उन्हें बीसीसीआई से सुविधाएँ ही मिलेंगी.