http://www.bbcchindi.com

रविवार, 09 सितंबर, 2007 को 23:54 GMT तक के समाचार

फ़ेडरर ने चौथी बार यूएस ओपन जीता

यूएस ओपन के पुरुष वर्ग के फ़ाइनल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी रोजर फ़ेडरर ने नोवाक जोकोविच को सीधे सेटों में 7-6,7-6, 6-4 से हरा दिया है.

इस तरह स्विटज़रलैंड के फ़ेडरर ने लगातार चौथी बार यूएस ओपन जीत लिया है. इसके पहले बिल टिल्डन ने 1920 से 1925 तक लगातार छह बार यूएस ओपन जीता था.

साथ ही फ़ेडरर ने एक साल में तीन प्रमुख प्रतियोगिताएँ-यूएस ओपन, ऑस्ट्रेलियन ओपन और विंबलडन जीत ली हैं. उन्हें पुरस्कार के रूप में लगभग 14 लाख डॉलर की राशि मिली है.

इस जीत के साथ फेडरर सर्वाधिक ग्रैंड स्लैम जीतने के पीट सम्प्रास के रिकॉर्ड के नज़दीक पहुँच गए हैं. सम्प्रास ने 14 ग्रैंड स्लेम जीते हैं और फ़ेडरर अब तक 12 जीत चुके हैं.

प्रदर्शन

रोजर फ़ेडरर ने रूस के निकोलाई डेविडेंको को हरा कर फ़ाइनल में जगह बनाई थी. दूसरी ओर जोकोविच किसी ग्रैंड स्लैम के फ़ाइनल में पहुँचने वाले सर्बिया के पहले पुरुष खिलाड़ी हैं.

फ़ेडरर का कहना था,'' मैं जोकोविच के प्रदर्शन से बहुत प्रभावित हूँ. 20 साल की उम्र में तो मैं भी उनकी तरह नहीं खेलता था.''

जोकोविच ने मैच के पहले दो सेटों में काफ़ी संघर्ष किया लेकिन दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी से पार नहीं पा पाए.

जोकोविच का कहना था,'' फ़ेडरर ने फिर दिखाया कि वो सर्वश्रेष्ठ हैं, वो इस जीत के योग्य थे.''