http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 07 सितंबर, 2007 को 04:47 GMT तक के समाचार

यूएस ओपन में भारतीय उम्मीदें ख़त्म

यूएस ओपन के मिक्स्ड डबल्स फ़ाइनल में लिएंडर पेस और मेगन श्वानेसी की हार के साथ ही भारत की सभी संभावनाएँ ख़त्म हो गई हैं.

लिएंडर पेस और मेगन श्वानेसी को बेलारूस की विक्टोरिया अज़ारेंका और मैक्स मिर्नी की जोड़ी ने सीधे सेटों में 6-4, 7-6 से हरा दिया.

पहला सेट गँवाने के बाद दूसरे सेट में पेस और श्वानेसी ने पाँच सेट प्वाइंट बचाए लेकिन टाइब्रेक में प्रतिद्वंद्वी जोड़ी ने उन्हें 8-6 से हरा दिया.

अज़ारेंका की यह पहली ग्रैंड स्लैम जीत है जबकि मैक्स मिर्नी ने तीन बार मिक्स्ड डबल्स का ग्रैंड स्लैम ख़िताब जीता है.

जीत के बाद अज़ारेंका का कहना था, "मेरा यूएस ओपन से हमेशा लगाव रहा है और मैं यहाँ बढ़िया करना चाहती थी."

दूसरी ओर पेस ने दूसरे सेट में कड़े संघर्ष के लिए शॉग़नेसी की तारीफ़ की. उन्होंने कहा, "हमनें सोचा कि दूसरा सेट जीतने के लिए लगभग पर्याप्त मेहनत कर ली है लेकिन उन दोनों की तारीफ़ करनी होगी कि जब मौका आया तब उन्होंने बेहतरनी खेल दिखा दिया."

पेस-श्वानेसी पर भारत की आख़िरी उम्मीदें टिकी थीं. इससे पहले महिला डबल्स में सानिया मिर्ज़ा और बैथनी मैटेक की जोड़ी क्वार्टर फ़ाइनल में हार गई थी.

एकल मुक़ाबलों में सानिया ने उम्मीदें जगाई थीं लेकिन तीसरे दौर में उन्हें रूस की एना चकावाद्ज़े ने हरा दिया था.

मिक्स्ड डबल्स में सानिया और महेश भूपति ने जोड़ी बनाई थी लेकिन इन्हें मिर्नी और अज़ारेंका ने ही पराजित किया था.