बुधवार, 05 सितंबर, 2007 को 12:48 GMT तक के समाचार
विश्व के नंबर दो टेनिस खिलाड़ी रफ़ाएल नडाल यूएस ओपन प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं. उन्हें अपने ही देश के डेविड फ़ेरेया ने हराया.
चौथे दौर के मैच में स्पेन के नडाल 7-6, 4-6, 6-7, 2-6 से हार गए.
नडाल ने पहला सेट 7-6 से जीता लेकिन उसके बाद के सेट वे लगातार हारते चले गए.
25 वर्षीय फ़ेरेया का मुकाबला अब क्वार्टर फ़ाइनल में अर्जेंटीना के युआन इगनासिये से होगा.
मैच के बाद नडाल ने फ़ेरेया के खेल की काफ़ी तारीफ़ की. नडाल ने कहा, "इस समय वे विश्व के बेहतरीन खिलाड़ियों में से हैं. वे काफ़ी तेज़ खेलते हैं. मुझे कोई हैरानी नहीं हुई."
नडाल के घुटने में चोट लगी हुई है और उन्हें खेलने में दिक्कत हो रही है.
वहीं जीत के बाद बोलते फ़ेरेया ने कहा, मैं खुश हूँ. ये मेरे लिए ख़ास है लेकिन मुझे अपने दोस्त रफ़ाएल के लिए दुःख भी हो रहा है.
इससे पहले दोनों खिलाड़ी चार बार एक दूसरे से भिड़ चुके हैं और चारों बार फ़ेरेया को हार का मुँह देखना पड़ा था.
इससे पहले फ़ेरेया का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2005 में फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँचना था.