मंगलवार, 04 सितंबर, 2007 को 12:17 GMT तक के समाचार
इंग्लैंड के रवि बोपारा घायल होने के कारण भारत के ख़िलाफ़ आख़िरी दो वनडे मैचों और ट्वेन्टी-ट्वेन्टी विश्व कप में नहीं खेल पाएँगे.
रवि बोपारा के अगूँठे में चोट आई है और उन्हें छह हफ़्ते के लिए टीम से बाहर रहना पड़ सकता है.
भारत के ख़िलाफ़ पाँचवे एक दिवसीय मैच के दौरान उन्हें चोट लगी थी.
मैनचेस्टर में हुए चौथे वनडे मैच में भारत को तीन विकेट से हराने में इंग्लैंड की ओर से रवि बोपारा की अहम भूमिका रही थी.
उन्होंने 43 रन बनाए थे और स्टूअर्ट ब्रॉड के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए निर्णायक 99 रनों की साझेदारी की थी.
उधर इंग्लैंड के ऑल राउंडर एंड्र्यू फ़्लिटॉफ़ का भी बुधवार को ओवल वनडे मैच में खेलना अभी तय नहीं है. उनके टखने में चोट है.
चोट के कारण फ़्लिटॉफ़ के ट्वेन्टी-ट्वेन्टी विश्व कप में खेलना पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
ट्वेन्टी-ट्वेन्टी क्रिकेट प्रतियोगिता दक्षिण अफ़्रीका में 11 सितंबर से शुरु हो रही है.
फ़्लिटॉफ़ भी घायल
इंग्लैंड को सोचना पड़ेगा कि क्या वो फ़्लिटॉफ़ की ख़राब फ़िटनेस को देखते हुए उन्हें वनडे सिरीज़ और ट्वेन्टी-ट्वेन्टी टीम में शामिल करे या नहीं.
इस साल उनके टखने का तीसरी बार ऑपरेशन हुआ है और उन्होंने हाल ही में दोबारा खेलना शुरू किया है.
इंग्लैंड टीम के कोच पीटर मूर्स ने सोमवार को स्वीकार किया था कि जब टीम दक्षिण अफ़्रीका जाएगी तो इंग्लैंड के लिए ये तय करना मुश्किल होगा कि फ़्लिटॉफ़ को ले जाया जाए या नहीं.
उनका कहना था, "आप ऐसे किसी खिलाड़ी को नहीं ले सकते जो घायल है क्योंकि ये बेहद कम अवधि की प्रतियोगिता है और वहाँ चीज़े तेज़ी से बदलती हैं. अगर हमें इस बात का पूरी तरह यकीन होगा कि खिलाड़ी कुछ ही दिनों में ठीक हो जाएगा तो हम उसे ले जाएँगे लेकिन अगर चोट ठीक होने में लंबा समय लगेगा तो उसकी जगह किसी और को ले जाना होगा."
भारत के ख़िलाफ़ बचे दो वनडे मैचों के लिए इंग्लैंड ने लूक राइट को बुलाया है. इंग्लैंड एक दिवसीय सिरीज़ में 3-2 से आगे है.
इंग्लैंड के क्रीस ट्रेमलेट भी भारत के ख़िलाफ़ छठे वनडे मैच में नहीं खेल पाएँगे क्योंकि उनके पैर में चोट लगी है.
.