http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 01 सितंबर, 2007 को 02:37 GMT तक के समाचार

डबल्स के तीसरे राउंड में पहुँचीं सानिया

भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा ने यूएस ओपन के डबल्स के तीसरे राउंड में प्रवेश किया और साथ ही मिक्स्ड डबल्स के पहले राउंड में भी जीत हासिल की.

सानिया मिक्स्ड डबल्स और महिला डबल्स, दोनों ही खेलों में हावी रहीं और उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन किया.

मिक्स्ड डबल्स में सानिया मिर्ज़ा के साथ थे भारतीय टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति. दोनों की जोड़ी ने रंग जमाया.

इन्होंने एलीना लिकॉत्सेवा और डेनियल नेस्टर की मज़बूत जोड़ी को करारी हार का सामना कराया.

मिक्स्ड डबल्स का मुकाबला कितना शानदार और एकतरफा रहा होगा इसका अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि सानिया और भूपति ने 6-0 और 6-2 के सेटों से अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात दी.

इससे पहले सानिया और बेथनी मैटेक की जोड़ी ने गार्जोसोवा और स्टूवर्ट को 6-2, 6-2 के सेट से हराया.

सानिया का उत्साह

सानिया अपने अच्छे चल रहे फार्म से काफी आशान्वित हैं और छठे सीड की अन्ना चेकवोदात्से से अपने मुक़ाबले को लेकर ख़ासी उत्साहित भी हैं.

शनिवार को इन दोनों खिलाड़ियों के बीच रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है.

इससे पहले तीन बार सानिया को चेकवोदात्से के हाथों हार का सामना करना पड़ा था पर इस बार सानिया पहले के परिणामों की वजह से किसी तरह का दबाव महसूस नहीं कर रही हैं.

उन्होंने शनिवार को होने वाले महिला एकल मुकाबले के बारे में बताया कि इसमें वो बिना किसी दबाव के अपना स्वाभाविक खेल खेलेंगी.

सानिया मिर्ज़ा इन दिनों अच्छे खेल का प्रदर्शन कर रही हैं और उनकी जीत का क्रम जारी है. वो इन दिनों साल के आख़िरी ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट यूएस ओपन में खेल रही हैं.

पहली बार सानिया मिर्ज़ा को यूएस ओपन में 26वीं वरीयता मिली है और रमेश कृष्णन के बाद सानिया मिर्ज़ा पहली ऐसी भारतीय टेनिस खिलाड़ी हैं जिन्होंने विश्व के टॉप 30 खिलाड़ियों में जगह बनाई है.