http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 01 सितंबर, 2007 को 16:56 GMT तक के समाचार

हॉकी में भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत

भारत ने हॉकी के इतिहास में अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए एशिया कप टूर्नामेंट में श्रीलंका को 20-0 से हरा दिया.

भारत ने 75 साल पहले 1932 में अमरीका को 24-1 से रौंदा था. उसके बाद से भारत की यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है.

एशिया कप के इतिहास में भी भारत ने सर्वाधिक गोल दागने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

मैच में पाँच गोल करने वाले प्रभजोत सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया.

अपने पहले मैच में चीन को मात्र एक गोल से हराने वाली भारतीय टीम इस मैच में पूरी तरह बदली नज़र आई और उसने चीन के ख़िलाफ़ अपने निराशाजनक प्रदर्शन का सारा गुस्सा श्रीलंका की कमजोर टीम पर उतार कर उसे बेरहमी से रौंद दिया.

एक अन्य मुक़ाबले में जापान ने हैरतअंगेज़ प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान जैसी सशक्त टीम को 3-1 से हरा दिया.

भारत ने एशिया कप के पहले मैच में चीन को एक-शून्य से हरा कर अपने ख़िताबी रक्षा अभियान की फीकी शुरुआत की थी.

पिछला एशिया कप भारत ने ही जीता था और इस बार वह अपने ख़िताब की रक्षा कर रहा है.