http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 01 सितंबर, 2007 को 23:48 GMT तक के समाचार

भूपति,पेस मिक्स्ड डबल्स के तीसरे दौर में

भारत की सानिया मिर्ज़ा और महेश भूपति ने मिक्स्ड डबल्स में फ्रांस की तात्याना गोलोविन और अमरीका के बॉब ब्रायन को 7-6, 6-3 से हरा दिया.

इसके साथ ही दोनों अमरीकी ओपन के तीसरे दौर में पहुँच गए हैं. भूपति और सानिया ने पहले दौर के मुक़ाबले में कनाड़ा के डेनियर नेस्टर और रुस की एलेनना लिखोवत्सेवा की सांतवीं वरीय जोड़ी को बड़ी आसानी से 6-0,6-2 से पराजित कर दिया था.

उधर लिएंडर पेस और अमरीकी मेघन शॉग़नेसी ने चेक गणराज्य के वेटा पेस्के और मार्टिन डैम की जोड़ी को 7-5, 6-3 से हरा दिया.

लेकिन डबल्स मुक़ाबलों में भूपति की चुनौती ख़त्म हो गई. महेश भूपति और नेनाद ज़िमोनज़िज की जोड़ी दूसरे दौर में अमरीकी युगल रॉबर्ट केंड्रिक और सैम क्वेरी के हाथों 3-6, 6-3, 6-4 से पराजित हो गई.

इससे पहले एकल मुक़ाबलों में एना चकावाद्ज़े से मिली हार के साथ ही सानिया मिर्ज़ा की चुनौती भी ख़त्म हो गई.

कभी एक साथ डबल्स मुक़ाबलों में खेल चुकी सानिया की चकावाद्ज़े के आगे एक न चली और पूरे मैच में वो प्रभावहीन दिखीं.