http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 29 अगस्त, 2007 को 21:39 GMT तक के समाचार

कॉलिंगवुड अभ्यास में हिस्सा नहीं ले पाए

भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा वनडे गुरुवार को ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा.

इंग्लैंड के कप्तान पॉल कॉलिंगवुड पेट में तकलीफ़ होने के कारण मैच से पहले अभ्यास में हिस्सा नहीं ले पाए.

हालांकि इंग्लैंड टीम प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि कॉलिंगवुड मैच के पहले स्वस्थ हो जाएँगे.

अगर वो स्वस्थ नहीं हुए तो एंड्रयू फ्लिंटॉफ़ अथवा केविन पीटरसन को कप्तानी सौंपी जा सकती है.

लेकिन मैच के पहले फ्लिंटॉफ़ को फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा. घुटने की चोट के कारण फ्लिंटॉफ़ तीसरे मैच में नहीं खेल पाए थे.

अपनी फिटनेस के बारे में उन्होंने कहा,'' मैं अभ्यास सत्र से आया हूँ. मैंने बल्लेबाज़ी और गेंदबाजी की. उम्मीद है कि चोट उभरेगी नहीं और मैं कल का मैच खेल पाऊंगा.''

फ्लिंटॉफ़ ने इंग्लैंड की 11 टेस्ट मैचों और 14 एकदिवसीय मैचों में कप्तानी की है.

लेकिन फ्लिंटॉफ़ को विश्व कप के दौरान तड़के एक नाव में नशे की हालत में पाया गया था जिसके बाद उनसे उपकप्तानी छीन ली गई थी.

भारतीय टीम

दूसरी ओर कई दिक्कतों से जूझ रही भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के ख़िलाफ़ गुरुवार को होने वाले चौथे वन डे मुक़ाबले में जीत दर्ज करना चाहेगी.

इस मैच में जीत-हार से सिरीज़ का संतुलन बिगड़ जाएगा.

सात मैचों की इस सिरीज़ में भारतीय टीम 2-1 से पिछड़ रही है.

विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय टीम के लिए बड़ी चिंता का कारण फ़ील्डिंग है.

भारतीय टीम पिछले दो मैचों में पाँच विशेषज्ञ गेंदबाज़ों के साथ उतरी थी लेकिन यह रणनीति कारगर साबित नहीं हुई है.