मंगलवार, 28 अगस्त, 2007 को 17:34 GMT तक के समाचार
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा ने यूस ओपन के पहले दौर में काइया कनेपी को 6-2, 6-7 (5/7) और 6-1 से हरा दिया है.
इस तरह सानिया यूएस ओपन के दूसरे दौर में पहुँच गईं हैं.
सानिया की जीत में उनकी ऐस सर्विस का भारी योगदान रहा. उन्होंने आठ ऐस मारीं और मैच जीत लिया.
सानिया आज अपने पूरे रंग में नहीं दिखीं और उनका यह मुक़ाबला लगभग डेढ़ घंटे से अधिक चला.
उन्होंने मैच में आठ डबल फाल्ट किए लेकिन अपने दमदार ऐस के कारण सानिया मैच अपने नाम करने में कामयाब रहीं.
अब उनका मुक़ाबला अमरीका की लॉरा ग्रांनविले के साथ होगा.
पहली बार सानिया मिर्ज़ा को इस साल यूएस ओपन में सिंगल्स मुक़ाबले में वरीयता क्रम में 26वां स्थान दिया गया है.
रमेश कृष्णन के बाद सानिया मिर्ज़ा पहली ऐसी भारतीय टेनिस खिलाड़ी हैं जिन्होंने विश्व के टॉप 30 खिलाड़ियों में जगह बनाई है.
यूएस ओपन में वरीयता पाने वाले खिलाड़ियों में 13 ऐसे खिलाड़ी हैं जो पहले कोई न कोई ग्रैंड स्लैम जीत चुके हैं.
इनमें अमरीका की विलियम्स बहनों के अलावा रूसी खिलाड़ी मारिया शारापोवा भी शामिल हैं.
इसका एक फ़ायदा यह है कि टूर्नामेंट के शुरूआती दौर में उनका मुक़ाबला किसी चोटी के खिलाड़ी से नहीं होगा.
लेकिन सानिया का कहना है कि ग्रैंड स्लैम जैसे स्तर पर हर खिलाड़ी अच्छा प्रतिद्वंदी होता है और हर मैच में जीत दर्ज करने के लिए बेहतरीन खेल ज़रूरी होता है.
खेल विशेषज्ञों का कहना है कि सानिया मिर्ज़ा से अच्छे खेल की उम्मीद की जा रही है क्योंकि वो पिछले कुछ समय से बेहतरीन फ़ॉर्म में चल रही हैं.
वो इस समय अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर भी पहुँच गई है.
हाल में सानिया ने ईस्ट वेस्ट बैंक क्लासिक डब्ल्यूटीए टूर्नामेंट में पूर्व नंबर एक खिलाड़ी मार्टिना हिंगिस को हराया था.