गुरुवार, 16 अगस्त, 2007 को 05:07 GMT तक के समाचार
भारत के अनूप श्रीधर और साइना नेहवाल ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में बड़ा उलटफेर करते हुए जीत दर्ज की है. श्रीधर ने ओलंपिक चैंपियन को शिकस्त दी.
विश्व में 41 वीं रैंकिग प्राप्त श्रीधर ने एक घंटा 13 मिनट तक खिंचे मुक़ाबले में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन इंडोनेशिया के तौफ़ीक हिदायत को 21-14, 24-26, 22-20 से मात दी.
इस जीत के साथ श्रीधर चैंपियनशिप के तीसरे दौर में पहुँच गए हैं.
दूसरी ओर राष्ट्रीय महिला चैंपियन साइना नेहवाल ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए दूसरे दौर के मैच में 13वीं वरीयता प्राप्त जर्मनी की जुलियाने शेंक को 21-16, 21-10 से हरा दिया.
श्रीधर ने आठवीं वरीयता प्राप्त हिदायत के ख़िलाफ़ मैच के शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया और पहला गेम आसानी से अपने नाम कर लिया.
हालाँकि हिदायत ने दूसरे गेम में ज़ोरदार वापसी की और बेहद नज़दीकी टक्कर में इसे 24 के मुकाबले 26 अंकों से जीत लिया.
श्रीधर पहले भी कई मैचों में निर्णायक क्षणों में धैर्य खो चुके हैं और यहाँ भी लगा कि वो हड़बड़ा रहे हैं लेकिन तीसरे गेम में श्रीधर ने नाजुक मौकों पर संयम बरकरार रखते हुए अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की.
तीसरे दौर में श्रीधर का मुकाबला मलेशिया के मोहम्मद हाफ़िज हासिम और आयरलैंड के स्कॉट इवांस के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा.