बुधवार, 08 अगस्त, 2007 को 05:29 GMT तक के समाचार
भारत की टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्ज़ा ने हार्ड कोर्ट पर अपना दमदार प्रदर्शन जारी रखा. एक और उलटफेर कर उन्होंने पूर्व नंबर वन मार्टिना हिंगिस को मात दी.
लॉस एंजिल्स में ईस्ट वेस्ट बैंक क्लासिक डब्ल्यूटीए टूर्नामेंट के महिला एकल में 20 वर्षीय सानिया ने सातवीं वरीयता प्राप्त स्विटरज़रलैंड की मार्टिना हिंगिस की चुनौती तीन सेटों के संघर्ष में 6-2, 2-6, 6-4 से ध्वस्त की.
सानिया ने पहले दौर में कनाडा की एलेजेंद्रा वोजनियाक को लगातार सेटों में 6-3, 6-2 से हराकर पहली बाधा पार की थी.
हिंगिस को पहले दौर में बाई मिली थी, लेकिन 20 वर्षीय हैदराबादी बाला से दूसरे दौर में उन्हें शुरू से ही जूझना पड़ा.
सानिया ने ज़ोरदार शुरुआत करते हुए पहला सेट आसानी से 6-2 से जीत लिया, लेकिन दूसरे सेट में उनकी लय जाती रही.
तीसरे और निर्णायक सेट में सानिया ने हिंगिस को कोर्ट पर दौड़ाया और सेट जीतकर तीसरे दौर में अपनी जगह पक्की कर ली.
बेहतरीन फ़ॉर्म
पिछले कुछ समय से सानिया मिर्ज़ा बेहतरीन फ़ॉर्म में चल रही हैं.
20 वर्षीय सानिया मिर्ज़ा पिछले हफ़्ते एक्यूरा क्लासिक प्रतियोगिता के क्वार्टरफ़ाइनल तक पहुँची थीं.
क्वार्टरफ़ाइनल में वे भले ही मारिया शरापोवा से हार गईं लेकिन उन्होंने कुल 110 अंक हासिल किए.
इसी प्रदर्शन की बदौलत वह अपने कैरियर में पहली बार टॉप-30 में जगह बनाने में कामयाब रही.
शीर्ष 30 टेनिस खिलाड़ियों में शामिल होने वाली वे दूसरी भारतीय हैं.
इससे पूर्व, 1987 में रमेश कृष्णन विश्व रैंकिंग में 23वीं पायदान तक पहुँचने में सफल रहे थे.
एक्यूरा क्लासिक में ही सानिया ने तीसरे दौर में रूस की दिनारा साफ़िना को सीधे सेटों में 6-1,6-2 से हरा दिया था. दिनारा को प्रतियोगिता में आठवीं वरीयता हासिल थी.
उससे पहले सिनसिनाटी ओपन में उन्होंने डबल्स का ख़िताब जीता था और सिंगल्स के सेमी फ़ाइनल तक पहुँची थीं.
बैंक ऑफ़ द वेस्ट क्लासिक में भी उन्होंने डबल्स का ख़िताब जीता था और सिंगल्स के फ़ाइनल तक पहुँची थीं.