सोमवार, 30 जुलाई, 2007 को 21:05 GMT तक के समाचार
इंग्लैंड के साथ ट्रेंटब्रिज टेस्ट में मेज़बान टीम के कप्तान माइकल वॉन को जानबूझ कर धक्का मारने के लिए श्रीसंत को मैच फीस का आधा हिस्सा बतौर जुर्माना देना होगा.
श्रीसंत को आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है. सोमवार को दूसरे टेस्ट के चौथे दिन का खेल ख़त्म होने के बाद मैच रेफ़री रंजन मदुगले ने मामले की सुनवाई की.
आईसीसी की विज्ञप्ति के मुताबिक सुनवाई के दौरान श्रीसंत ने स्वीकार किया कि उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन किया था.
चौथे दिन के खेल के पहले सत्र में श्रीसंत ने अपने ओवर में गेंद फेंकने के बाद जानबूझ कर माइकल वॉन से अपना कंधा भिड़ा दिया था.
इस फ़ैसले के बारे में मदुगले का कहना था, "अगर खिलाड़ी मैदान पर आक्रामक हों तो उससे मुझे दिक्क़त नहीं है लेकिन एक हद तक. श्रीसंत उस रेखा को पार गए जब वे वॉन से जानबूझ कर टकराए."
मदुगले ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि श्रीसंत ने अपनी ग़लती स्वीकार कर ली और इसके लिए माफ़ी माँगी.
उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रीसंत यहाँ हुई ग़लती से सबक लेंगे.
सुनवाई के दौरान सबूत के तौर पर वीडियो फुटेज दिखाए गए. इस दौरान भारतीय टीम के कप्तान राहुल द्रविड़ और मैनेजर चंदू बोर्डे भी मौजूद थे.