शुक्रवार, 27 जुलाई, 2007 को 12:08 GMT तक के समाचार
भारत की सानिया मिर्ज़ा ने डब्लूटीए बैंक ऑफ़ द वेस्ट क्लासिक प्रतियोगिता में बड़ा उलटफेर करते हुए क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बना ली है.
सानिया मिर्ज़ा ने छठी वरीयता प्राप्त फ़्रांस की तात्याना गोलोविन को सीधे सेटों में 6-4, 6-1 से हरा दिया. पिछले सप्ताह सानिया सिनसिनाटी ओपन के सेमी फ़ाइनल तक पहुँची थी.
पहले दौर में भी सानिया ने जापान की अकीको मोरिगामी को हराया था. सिंगल्स के अलावा डबल्स में भी सानिया मिर्ज़ा और इसराइल की शहार पीर की जोड़ी ने क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बना ली है.
सिंगल्स के क्वार्टर फ़ाइनल में अब सानिया मिर्ज़ा का मुक़ाबला चौथी वरीयता प्राप्त स्विट्ज़रलैंड की पैटी श्निडर से होगा. श्निडर ने रूस की यारोस्लाव श्वेदोवा को हराकर क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बनाई थी.
मुक़ाबला
सानिया का मैच देखने के बाद श्निडर ने स्वीकार किया कि सानिया से मुक़ाबला कड़ा होगा. उन्होंने कहा, "सानिया के फ़ोरहैंड देखने लायक़ थे. वे ख़तरनाक खिलाड़ी हैं. उनको बैंडहैंड पर ही थोड़ा नचाया जा सकता है."
दूसरी ओर डबल्स में सानिया मिर्ज़ा की पार्टनर शहार पीर सिंगल्स में हार गईं. पाँचवीं वरीयता प्राप्त पीर को बेलारूस की ओल्गा गोवोरत्सोवा ने 4-6, 7-5 और 6-2 से मात दी.
अब गोवोरत्सोवा का मुक़ाबला तीसरी वरीयता प्राप्त स्लोवाकिया की डेनिएला हंतुकोवा से होगा. पिछले सप्ताह सिनसिनाटी ओपन में सानिया सिंगल्स के सेमी फ़ाइनल में हार गई थी.
लेकिन डबल्स के क्वार्टर फ़ाइनल में उन्होंने अमरीका के बेथनी मैटेक के साथ मिलकर ख़िताबी जीत हासिल की थी.