http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 25 जुलाई, 2007 को 20:13 GMT तक के समाचार

गांगुली की फ़िटनेस चिंता का विषय बनी

भारतीय टीम के लिए सौरभ गांगुली की फ़िटनेस परेशानी का कारण बन गई है.

ग़ौरतलब है कि शुक्रवार से इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरा टेस्ट शुरू हो रहा है.

टेस्ट से पहले बुधवार को पीठ के दर्द के कारण सौरव गांगुली ने अभ्यास में हिस्सा नहीं लिया.

गांगुली नेट पर तो पहुंचे लेकिन उन्होंने अभ्यास में हिस्सा नहीं लिया और मैदान में टहलते रहे.

लॉ‌र्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में बल्लेबाजी करते समय भी उन्होंने पीठ में दर्द के संकेत दिए थे.

हालांकि भारतीय टीम प्रबंधन ने गांगुली की चोट को गंभीर नहीं बताया है और कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है.

भारतीय टीम प्रबंधन के रुफ़स रॉकी का कहना था, '' उनकी पीठ में थोड़ी सी तकलीफ़ है.''

माना जा रहा है कि यदि गांगुली नहीं खेले तो उनकी जगह युवराज सिंह को स्थान दिया जाएगा.

युवराज ने कहा, ''मुझे टेस्ट सिरीज़ में मौक़ा मिलने का इंतज़ार है.''

उनका कहना था, ''मुझे खेलने में काफ़ी खुशी होगी लेकिन यह मेरे हाथ में नहीं है. इसका फ़ैसला टीम प्रबंधन को करना है.''

पहले टेस्ट में भारतीय बल्लेबाजों के असफल होने के बारे में पूछने पर युवराज ने कहा,'' पहला दिन ठीक था लेकिन अचानक मौसम बदल गया और इसके बाद परिस्थितियां काफी कठिन हो गई.''

सबसे ज़्यादा टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी करने वाले सौरभ गांगुली ने 49 टेस्ट मैचों में से भारत को 21 में जीत दिलाई है.

लेकिन भारत को शानदार सफलताएँ दिलाने वाले सौरभ गांगुली आजकल भारतीय टीम में एक सामान्य खिलाड़ी की तरह हैं.