http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 23 जुलाई, 2007 को 01:56 GMT तक के समाचार

सिनसिनाटी में सानिया की ख़िताबी जीत

भारत की सानिया मिर्ज़ा और अमरीका की बेथनी मैटेक की जोड़ी ने सिनसिनाटी ओपन टेनिस में डबल्स का ख़िताब जीत लिया है.

फ़ाइनल में सानिया और मैटेक की जोड़ी ने रूस की येलेना जिदकोवा और बेलारूस की तात्याना पॉश्चेक को सीधे सेटों में 7-6 और 7-5 से हराया.

इसी प्रतियोगिता में सिंगल्स का ख़िताब रूस की एना चकावाद्ज़े ने जीता. उन्होंने फ़ाइनल में जापान की अकीको मोरीगामी को 6-1 और 6-3 से मात दी.

सिंगल्स के सेमी फ़ाइनल में सानिया मिर्ज़ा को चकावाद्ज़े ने ही हराया था. लेकिन डबल्स में सानिया ने अपनी जोड़ीदार बेथनी मैटेक के साथ जीत हासिल की.

डबल्स में सानिया और मैटेक की जोड़ी को शीर्ष वरीयता मिली थी. लेकिन फ़ाइनल में उन्हें जीत हासिल करने के लिए काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी.

प्रदर्शन

जिदकोवा और पॉश्चेक ने पहले सेट में काफ़ी अच्छा खेल दिखाया. सानिया और मैटेक की अच्छे अंतर से जीत हासिल करने की तमाम कोशिशें नाकाम रहीं.

पहला सेट टाई ब्रेकर में गया. टाई ब्रेकर में सानिया-मैटेक का अनुभव काम आया. उन्होंने टाई ब्रेकर में 7-4 से जीत हासिल की और पहला सेट 7-6 से जीत लिया.

दूसरा सेट भी आसान नहीं रहा. जिदकोवा और पॉश्चेक ने कड़ी टक्कर दी. मुक़ाबला काफ़ी रोचक होता जा रहा था. लेकिन एक बार फिर सानिया का अनुभव रंग लाया.

दूसरे सेट में 7-5 से जीत हासिल करने के साथ ही सानिया ने डबल्स के ख़िताब पर क़ब्ज़ा किया. साल के आख़िरी ग्रैंड स्लैम अमरीकी ओपन से पहले सानिया की ये जीत काफ़ी अहम है.

विंबलडन में कुछ ख़ास नहीं कर सकीं सानिया पूरे उत्साह के साथ अब अमरीकी ओपन में उतरेंगी.