शुक्रवार, 20 जुलाई, 2007 को 19:15 GMT तक के समाचार
सानिया मिर्ज़ा और अमरीकी खिलाड़ी बेथेनी मेटैक की जोड़ी ने सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट की डबल्स स्पर्धा के सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली है.
सानिया मिर्जा और बेथेनी मेटैक की जोड़ी ने ताकत और सूझबूझ का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए अमेरिका की लिलिया ओस्टर्लो और रूस की अनस्तेसिया रोदियोनोवा को लगातार सेटों में 6-2, 6-3 से हरा दिया.
विजेता जोड़ी ने समूचे मैच में ओस्टर्लो और रोदियोनोवा को पाँव
जमाने का कोई मौका नहीं दिया.
सानिया पहले एकल मुकाबले में क्वार्टरफ़ाइनल में पहुँच चुकी हैं जहाँ उनकी भिड़ंत बेलारूस की ओल्गा गोवर्तसोवा से होगी.
सानिया लगातार तीसरे साल सिनसिनाटी टेनिस के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँचीं हैं.
इसके पहले सानिया मिर्ज़ा और बेथानी मैटेक की जोड़ी ने डबल्स मुक़ाबले में कोलंबिया की कैटलीना कास्टानो और चीन की मेंग युआन की जोड़ी को 6-4, 6-0 से हराया था.
सानिया को घुटने की चोट के कारण इस साल ढाई महीने टेनिस कोर्ट से दूर रहना पड़ा था.
विबंलडन में सानिया और इसराइल की शहार पीयर की जोड़ी तीसरे दौर तक पहुँची थी.