http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 19 जुलाई, 2007 को 06:03 GMT तक के समाचार

सानिया क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँचीं

सानिया मिर्ज़ा सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नांमेंट के सिंगल्स और डबल्स दोनों के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँच गईं हैं.

तीसरी वरीयता प्राप्त सानिया ने उज़बेकिस्तान की वरवरा लेपचेंको को सीधे सेटों में 6-2, 6-2 से हरा दिया.

सानिया लगातार तीसरे साल सिनसिनाटी टेनिस के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँचीं हैं.

इसके पहले सानिया मिर्ज़ा और अमरीका की बेथानी मैटेक की टॉप सीड जोड़ी डबल्स के क्वॉर्टर फ़ाइनल में पहुँच गई.

इस जोड़ी ने कोलंबिया की कैटलीना कास्टानो और चीन की मेंग युआन की जोड़ी को 6-4, 6-0 से हरा दिया.

अब इस जोड़ी का मुक़ाबला अमरीका की किर्स्टन फ्लावर और चीन की कोनी सू और अमरीका की लीला ऑस्टलो और रूस की रुदिओनोवा के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा.

सानिया को घुटने की चोट के कारण इस साल ढाई महीने टेनिस कोर्ट से दूर रहना पड़ा था.

प्रेक्षकों का कहना है कि वो मई में जब से दोबारा कोर्ट पर उतरी हैं, तब से उनके प्रदर्शन में सुधार हुआ है.

विबंलडन में सानिया और इसराइल की शहार पीयर की जोड़ी तीसरे दौर तक पहुँची थी.

ग़ौरतलब है कि विंबलडन टेनिस प्रतियोगिता के बाद जारी हुई डब्लूटीए रैकिंग में सानिया छह पायदान की छलांग लगाकर 38वें नंबर पर पहुँच गई हैं. विंबलडन से पहले सानिया की रैंकिंग 44 थी.