http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 16 जुलाई, 2007 को 13:20 GMT तक के समाचार

लॉसन होंगे पाकिस्तानी टीम के नए कोच

पाकिस्तान ने पुष्टि की है कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व गेंदबाज़ ज्यॉफ़ लॉसन उनकी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के नए कोच होंगे. ये अनुबंध दो साल का होगा.

वे बॉब वूल्मर की जगह लेंगे जिनकी इस साल विश्व कप के दौरान मौत हो गई थी.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड( पीसीबी) के अध्यक्ष डॉक्टर नसीम अशरफ़ ने बताया, लॉसनी हमारी पसंद हैं. हमें भरोसा है कि वे पाकिस्तानी टीम को सफलता की ओर ले जाएँगे.

49 वर्षीय लॉसन ने 46 टेस्ट मैचों में 180 विकेट लिए हैं.

इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया से कहा था कि अगर बॉब वूल्मर की मौत को लेकर किसी तरह का शक अब भी बरकरार होता तो वे कोच का पद स्वीकार नहीं करते.

बॉब वूल्मर की मौत के पहले हत्या का मामला माना जा रहा था लेकिन बाद में पैथोलॉजिस्ट ने इससे उलट बात कही. उन्होंने कहा कि बॉव वूल्मर की हत्या प्राकृतिक कारणों से हुई.

लॉसन ने कहा, "इससे मेरे शक दूर हुए."

पिछले 11 महीनों में पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के आठ कोच रह चुके हैं.

कोच पद के लिए पूर्व श्रीलंकाई कोच डेव व्हाटमोर भी दावेदार थे. विशेषज्ञों का कहना है कि डेव व्हाटमोर के बजाय लॉसन को कोच नियुक्त कर पीसीबी ने एक तरह से जोखिम उठाया है.

लॉसन इससे पहले केवल न्यू साउथ वेल्स टीम को कोच रहे हैं.

इस फ़ैसले के बारे में नसीम अशरफ़ का कहना था, हमें युवा, काबिल कोच चाहिए था जो आधुनिक खेल की ज़रूरतों को पूरा कर सके.

लॉसन का मानना है कि पाकिस्तान की टीम काफ़ी हुनरमंद है उसे केवल सही मानसिक दिशा की ज़रूरत है.