http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 16 जुलाई, 2007 को 16:23 GMT तक के समाचार

लॉर्ड्स टेस्ट में नहीं खेलेंगे हार्मिसन

स्टीव हार्मिसन भारत के ख़िलाफ़ लॉर्ड्स टेस्ट में नहीं खेलेंगे. उनकी जगह क्रिस ट्रेमलेट को टीम में बुलाया गया है. हार्मिसन को हर्निया है और जल्द ही उन्हें ऑपरेशन कराना पड़ेगा.

ये भी हो सकता है कि इस कारण उन्हें पूरी सिरीज़ से बाहर रहना पड़े. प्रमुख चयनकर्ता डेविड ग्रेवेनी ने कहा, "क्रिस ट्रेमलेट ने हाल ही में इंग्लैंड लायंस के मैच में अच्छा खेल दिखाया था."

लेकिन माना जा रहा है कि स्टुअर्ट ब्रॉड के लॉर्ड्स टेस्ट में खेलने की ज़्यादा संभावना है. 21 वर्षीय ब्रॉड ने अभी तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है और उन्हें लॉर्ड्स टेस्ट के लिए टीम में शामिल भी किया गया है.

28 वर्षीय स्टीव हार्मिसन पिछली ऐशेज़ सिरीज़ में काफ़ी संघर्ष कर रहे थे. हाल ही में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ सिरीज़ में भी उनका प्रदर्शन कोई ख़ास नहीं रहा था. हालाँकि वे इस सत्र में काउंटी क्रिकेट में काफ़ी सफल रहे हैं.

प्रदर्शन

वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ आख़िरी टेस्ट के दौरान ही पता चला था कि हार्मिसन को हर्निया है. लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई थी कि वे भारत के ख़िलाफ़ तीनों टेस्ट मैचों में खेल पाएँगे. शुक्रवार को ससेक्स के ख़िलाफ़ मैच में उन्हें काफ़ी परेशानी हुई.

स्टुअर्ट ब्रॉड ने इंग्लैंड लायंस की ओर से भारत के ख़िलाफ़ मैच में अच्छा खेल दिखाया था. ब्रॉड मैथ्यू होगर्ड और रयान साइडबॉटम से ज़्यादा तेज़ गति से गेंद फेंकते हैं और उनकी गेंद में ज़्यादा उछाल भी है.

लॉर्ड्स टेस्ट के लिए घोषित 13 सदस्यीय टीम में जेम्स एंडरसन को भी शामिल किया गया है. लेकिन वे होगर्ड और साइडबॉटम की तरह तेज़ गति से ज़्यादा स्विंग पर ध्यान देते हैं.

माना जा रहा है कि इस बार लॉर्ड्स की विकेट में ज़्यादा स्विंग मिलेगा. इस कारण ब्रॉड के दावे को ज़्यादा मज़बूत माना जा रहा है.