शनिवार, 30 जून, 2007 को 20:32 GMT तक के समाचार
पंकज प्रियदर्शी
बीबीसी संवाददाता, विंबलडन से
विंबलडन के छठे दिन का खेल किसी खिलाड़ी से ज़्यादा बारिश के नाम रहा. शनिवार को विंबलडन में बारिश से खेल बुरी तरह प्रभावित हुए.
हालांकि दो मैच खेले गए और उनमें एमिली मोरेज़्मो और शरापोवा ने अपनी जीत सुनिश्चित की.
इन दोनों ही खिलाड़ियों के आक्रामक तेवर से बारिश की चपेट में आने से पहले ही इनके मैच पूरे हो गए.
फ्रांस मूल की एमिली मोरेज़्मो ने अपनी प्रतिद्वंद्वी इटली की मारा सैंटेन्जेलो को 6-1 और 6-2 के बेहतरीन खेल में हरा दिया. वहीं शरापोवा ने सुगीयामा को 6-3, 6-3 से हराकर अपनी जीत हासिल की.
खराब मौसम के चलते कुछ मैच अधूरे ही रहे और इन्हें बाद में पूरा करने की बात कही गई.
हालांकि यह रविवार विंबलडन के लिए मिड संडे यानी छुट्टी का दिन है और इसलिए अधूरे मैच सोमवार को ही खेले जा सकेंगे.
नहीं खेले भारतीय खिलाड़ी
शनिवार को भारत के टेनिस खिलाड़ियों के भी तीन मैच होने थे पर ये तीनों बारिश की भेंट चढ़ गए और भारतीय प्रशंसकों को निराश होना पड़ा.
भारत की ओर से सनिया मिर्ज़ा और महेश भूपति मिक्स डबल्स में उतरने वाले थे.
वहीं लीएंडर पेस और अमरीकी मेगन स्वानिसी भी मिक्स डबल्स के लिए अपना हाथ आजमाने वाले थे पर बारिश के कारण ये मैच नहीं हो सके.
सानिया और इसराइल की शहार शनिवार को महिला डबल्स खेलने वाले थे पर यह मैच भी बारिश के कारण नहीं हो सका.