http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 29 जून, 2007 को 22:55 GMT तक के समाचार

पंकज प्रियदर्शी
बीबीसी संवाददाता, विंबलडन से

डबल्स में पेस और सानिया की जीत

भारत के लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के मार्टिन डैम की जोड़ी विंबलडन में पुरुषों के डबल्स मुक़ाबले के तीसरे दौर में पहुँच गई है.

तो भारत की सानिया मिर्ज़ा और इसराइल की शहार पीयर की जोड़ी महिलाओं के डबल्स मुक़ाबले के दूसरे दौर में पहुँच गई.

विंबलडन में पाँचवीं वरीयता प्राप्त लिएंडर पेस और मार्टिन डैम की जोड़ी ने चार सेटों में मैच 7-6, 7-6, 6-3 और 7-6 से जीता. जबकि सानिया और शहार की जोड़ी ने सीधे सेटों में 7-5, 6-3 से जीत दर्ज की.

पेस और डैम की जोड़ी ने ब्रिटेन के जेम्स ऑकलैंड और ऑस्ट्रेलिया के स्टीफ़ेन हस की जोड़ी को मात दी तो सानिया और शहार ने स्वीडन की सोफ़िया आर्विडसन और अमरीका की लीलिया ऑस्टलो को मात दी.

लिएंडर पेस और मार्टिन डैम की जोड़ी के लिए मैच पहले दौर जितना आसान नहीं रहा. इसका अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि चार में से तीन सेट टाई ब्रेकर में गए.

तेज़ हवाओं के बीच सर्विस करने में पेस को पहले से ही परेशानी हो रही थी. दूसरे दौर के मैच में वे काफ़ी धीमे नज़र आए और रिटर्न भी उनकी कमज़ोर लग रही थी.

लेकिन टाई ब्रेकर के समय अपने अनुभव का लाभ उठाते हुए पेस ने विपक्षी खिलाड़ियों को कोई मौक़ा नहीं दिया. पहला और दूसरा सेट टाई ब्रेकर में जीतने के बाद पेस और डैम में ज़रूरत से ज़्यादा आत्मविश्वास नज़र आने लगा था.

इसका लाभ उठाते हुए ऑकलैंड और हस को जोड़ी ने शानदार वापसी की और तीसरे सेट में उनकी सर्विस ब्रेक करते हुए 6-3 से जीत हासिल की.

तीसरा सेट गँवाने के बाद पेस और डैम होश में तो आए लेकिन उन्हें संभल कर भी खेलना पड़ रहा था. अपनी सर्विस बचाने के चक्कर में वही हुआ यानी एक बार फिर टाई ब्रेकर.

हालाँकि 6-5 के स्कोर पर ऑकलैंड-हस की जोड़ी सर्विस कर रही थी और पेस-डैम के पास दो ब्रेक प्वाइंट थे यानी दो मैच प्वाइंट थे. लेकिन पेस के एक शॉट को अंपायर ने आउट करार दिया और पेस भड़क गए.

उन्होंने अंपायर से जाकर खूब तूँ-तूँ मैं-मैं की. लेकिन अंपायर पर इससे कोई असर नहीं हुआ. बाद में ऑकलैंड और हस ने ब्रेक प्वाइंट बचा लिया. ख़ैर सेट टाई ब्रेकर में गया और पेस-डैम ने सेट जीता और मैच भी.

दूसरी ओर सानिया मिर्ज़ा और शहार पीयर की जोड़ी ने महिलाओं के डबल्स मुक़ाबले में आसान जीत दर्ज की. उनके सामने थी स्वीडन की सोफ़िया आर्विडसन और अमरीका की लीलिया ऑस्टलो की जोड़ी.

सानिया और शहार ने पहला सेट 7-5 से जीता और दूसरा सेट 6-3 से. इस तरह वे अब महिलाओं के डबल्स मुक़ाबले के दूसरे दौर में पहुँच गई हैं.

सिंगल्स में हारने के बाद डबल्स के अलावा सानिया को अभी मिक्स्ड डबल्स भी खेलना है जिसमें उनके पार्टनर हैं महेश भूपति.