शुक्रवार, 29 जून, 2007 को 18:31 GMT तक के समाचार
भारत ने दक्षिण अफ्रीका के साथ शुक्रवार को खेला गया दूसरा वनडे मैच जीतकर दक्षिण अफ्रीका के साथ हिसाब बराबर कर लिया है.
इसी खेल के दौरान मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने अपने वनडे क्रिकेट करियर के 15000 रन पुरे कर लिए हैं.
शुक्रवार को बेलफास्ट में हुए इस मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के 227 रनों के लक्ष्य को 49 ओवरों में जीत लिया.
दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवरों के खेल में छह विकेट खोकर कुल 226 रन बनाए थे. भारत ने कुल चार विकेटों के नुकसान पर ही रोमांचक मुकाबले में यह लक्ष्य हासिल कर लिया.
इससे पहले मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका ने भारत को चार विकेट से हरा दिया था.
मंगलवार को भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट खोकर 242 रन बनाए थे जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट खोकर 245 रन बना लिए थे.
शुक्रवार के मैच में टॉस भारत ने जीता और दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाज़ी करने का मौका दिया.
भारत की ओर से बल्लेबाज़ी करते हुए सचिन तेंदुलकर ने सर्वाधिक 93 रन बनाए.
इसके अलावा युवराज सिंह ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 49 रन बनाए और नाबाद रहे. सौरभ गांगुली ने 42 रनों का योगदान दिया.
भारतीय बल्लेबाज़ केडी कार्तिक ने 49वें ओवर की पहली गेंद पर अपना 32 रन लेकर भारत को जीत तक पहुँचाया.