बुधवार, 27 जून, 2007 को 22:07 GMT तक के समाचार
पंकज प्रियदर्शी
बीबीसी संवाददाता, विंबलडन से
विंबलडन का तीसरा दिन बारिश से प्रभावित रहा और कई अहम मैच नहीं हो पाए. भारत के लिएंडर पेस का डबल्स मैच और पाकिस्तान के एसाम उल हक़ क़ुरैशी का सिंगल्स मैच भी बारिश की भेंट चढ़ गया.
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फ़ेडरर का मैच भी अधूरा रहा.
बारिश के कारण जब मैच रोका गया उस समय फ़ेडरर अर्जेंटीना के हुआन मार्टिन डेल पोट्रो से दो सेट 6-2 और 7-5 से जीत चुके थे और तीसरे सेट में 2-0 से आगे थे.
तीसरे दिन जो महत्वपूर्ण मैच पूरे हुए, उनमें थे एंडी रॉडिक, जस्टिन हेना हार्डिन, मार्टिना हिंगिस, येलेना जान्कोविच और येलेना देमेन्तिएवा के मैच.
तीसरी वरीयता प्राप्त अमरीका के एंडी रॉडिक ने थाईलैंड के दनई उडोमचोक को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 और 7-6 से मात दी.
पहले दो सेटों में शानदार खेल दिखाने वाले रॉडिक तीसरे सेट में थोड़ा पिछड़े ज़रूर क्योंकि उडोमचोक ने उनकी सर्विस ब्रेक की.
लेकिन अपनी दमदार सर्विस के कारण चर्चित रॉडिक ने टाई ब्रेकर में उडोमचोक की हवा निकाल दी.
चिली के फ़र्नांडो गोन्ज़ालेज़ ने कोलंबिया के एलेजान्ड्रो फ़ाला को चार सेटों के मैच में 4-6, 6-3, 6-4 और 7-6 से मात दी.
महिला वर्ग
महिलाओं के वर्ग में नंबर एक खिलाड़ी जस्टिन हेना हार्डिन ने अपना मैच आसानी से जीत लिया.
उन्होंने रूस की वेरा दुशेविना को सीधे सेटों में 6-0 और 6-4 से हराया. पहला सेट हेना हार्डिन ने 20 मिनट में और दूसरा सेट 40 मिनट में जीत लिया.
हेना हार्डिन की तरह ज़बरदस्त जीत हासिल की स्विट्ज़रलैंड की मार्टिना हिंगिस ने. हिंगिस ने जापान की एईको नाकामुरा को 6-1 और 6-2 से पछाड़ दिया.
अमरीका की सरीना विलियम्स के लिए मैच उतना आसान नहीं रहा.
ऑस्ट्रेलिया की एलिसिया मोलिक ने सरीना की नाक में दम कर दिया. पहले सेट में मोलिक एक समय उनसे आगे थी.
लेकिन सरीना ने सही समय पर वापसी की और पहला सेट टाई ब्रेकर में जीतने में सफल रही.
उसके बाद दूसरे सेट में उन्होंने 6-3 से जीत हासिल कर तीसरे दौर में प्रवेश किया.
इसके अलावा येलेना जान्कोविच ने स्लोवाकिया की जर्मिला गजदोसोवा को 6-1, 6-1 से हराया तो रूस की येलेना देमेन्तिएवा ने फ़्रांस की नताली डेंची को 6-2, 7-6 से मात दी.