मंगलवार, 19 जून, 2007 को 14:09 GMT तक के समाचार
आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर निकलने से पहले भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ ने कहा है कि खेल की रणनीति तय करने में क्रिकेट मैनेजर चंदू बोर्डे का अनुभव काम आएगा.
उन्होंने कहा कि बोर्डे के पास एक लंबा अनुभव है और हर क्षेत्र में उनके अनुभवों का लाभ टीम को मिलेगा.
भारतीय कप्तान मंगलवार को मुंबई में टीम की रवानगी से पहले पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि इस दौरे की रणनीति पर इंग्लैंड पहुँचकर प्रबंधन के साथ बैठक होगी जहाँ यह तय किया जाएगा कि कौन क्या भूमिका अदा करेगा.
राहुल द्रविड़ ने स्पष्ट किया कि टीम से संबंधित निर्णय लेने में चंदू बोर्डे की अहम भूमिका होगी.
हालांकि उन्होंने कहा कि शुरुआत में टीम मैनेजर भारतीय टीम को समझने में कुछ समय ले सकते हैं क्योंकि कई नए चेहरे भी टीम में हैं पर कुछ ही समय में अच्छा तालमेल स्थापित हो जाएगा.
टीम इंडिया
भारतीय टीम के आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए सचिन तेंदुलकर और सौरभ गांगुली की वनडे टीम में वापसी हुई है जबकि सहवाग को टीम से बाहर रखा गया है.
इसके अलावा पूर्व क्रिकेटर चंदू बोर्डे को टीम का क्रिकेट मैनेजर बनाया गया है.
सचिन और सौरभ अब आयरलैंड में 16 सदस्यों वाली वनडे टीम का हिस्सा होंगे. दोनों खिलाड़ियों को पिछली वनडे टीम से बाहर रखा गया था.
दोनों दौरों के लिए राहुल द्रविड़ टीम की कप्तानी संभालेंगे और साथ ही महेंद्रसिंह धोनी को वनडे मैचों में उपकप्तानी का काम सौंपा गया है.
टेस्ट मैचों के लिए उपकप्तानी की कमान सचिन तेंदुलकर को सौंपी गई है.
सहवाग के अलावा मुनाफ़ पटेल और हरभजन सिंह को भी वनडे और टेस्ट टीम से बाहर रखा गया है.
टेस्ट टीम-राहुल द्रविड़ (कप्तान), सचिन तेंदुलकर (उपकप्तान), सौरभ गांगुली, महेंद्र सिंह धोनी, वीवीएस लक्ष्मण, युवराज सिंह, ज़हीर ख़ान, श्रीसंत, अनिल कुंबले, रमेश पोवार, गौतम गंभीर, वसीम जाफ़र, दिनेश कार्तिक, आरपी सिंह, इशान शर्मा, रणादेब बोस.
वनडे टीम-राहुल द्रविड़ (कप्तान), महेंद्र सिंह धोनी (उपकप्तान), गौतम गंभीर, सचिन तेंदुलकर, श्रीसंत, सौरभ गांगुली, युवराज सिंह, दिनेश कार्तिक, अजित अगरकर, पीयूष चावला, रोबिन उथप्पा, रमेश पोवार, रोहित शर्मा, ज़हीर ख़ान, आरपी सिंह