मंगलवार, 12 जून, 2007 को 06:17 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के कोच बॉब वूल्मर की मौत के रहस्य से औपचारिक तौर पर पर्दा मंगलवार को उठ जाएगा. हालाँकि जाँच की लंबी प्रक्रिया के अब ये साफ़ हो गया है कि वूल्मर की 'हत्या' नहीं हुई थी.
जमैका पुलिस मंगलवार को एक प्रेस कांन्फ़्रेंस करने जा रही है. उम्मीद की जा रही है कि इसमें वह साफ़ करेगी कि वूल्मर की मौत स्वाभाविक कारणों से हुई.
मार्च में विश्व कप के दौरान वूल्मर का शव किंगस्टन के एक होटल में उनके कमरे में मिला था.
शुरुआती जाँच में उनकी मौत को 'हत्या' बताने की ख़बरों ने पूरी खेल दुनिया को झकझोर दिया था.
हत्या की गुत्थी
यही नहीं पैथोलॉजिस्ट ने भी अपनी रिपोर्ट में वूल्मर की मौत को 'हत्या' करार दिया था.
मैच फिक्सिंग, गला घोंटने, ज़हर देने और हत्या की वजहों के तमाम पहलुओं पर गौर करने के बाद जाँच दल आखिरकार इस निष्कर्ष पर पहुँचा कि वूल्मर की मौत स्वाभाविक वजहों से हुई थी.
कुल मिलाकर जमैका पुलिस की जाँच प्रक्रिया ने उसे ही सवालों के कठघरे में ला खड़ा किया और अब उसे आलोचनाएँ झेलनी पड़ रही हैं.
दरअसल, आयरलैंड के हाथों पाकिस्तान की सनसनीखेज़ पराजय के बाद अगली सुबह वूल्मर अपने कमरे में मृत पाए गए थे.
शुरुआती जाँच
पुलिस ने शुरुआती जाँच में ही कहा था कि घटनास्थल पर गला घोटने या वूल्मर के साथ ज़ोर जबर्दस्ती करने के कोई सुबूत नहीं मिले हैं.
लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद इसमें नया मोड़ आ गया और पुलिस ने दावा किया कि वूल्मर की हत्या गला घोटकर की गई है.
यही नहीं जमैका पुलिस की मदद कर रहे और जाँच की अगुवाई कर रहे स्कॉटलैंड यार्ड के मार्क शील्ड्स ने कहा कि 'हत्या' के एक से अधिक आरोपी हो सकते हैं.
इस मामले में शक की सुई कई लोगों की तरफ घूमी, लेकिन जाँच टीम को हर बार निराश होना पड़ा.
पुलिस ने पाकिस्तान टीम के तत्कालीन कप्तान इंज़माम उल-हक़ समेत पूरी टीम से बारी-बारी से पूछताछ की.
पाकिस्तान टीम के प्रवक्ता परवेज़ मीर ने हाल ही में कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) उसकी छवि को नुक़सान पहुँचाने के आरोप में जमैका पुलिस के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई कर सकता है.