http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 09 जून, 2007 को 17:35 GMT तक के समाचार

ग्राहम फ़ोर्ड भारतीय टीम के नए कोच

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की सात सदस्यीय चयन समिति ने ग्राहम फ़ोर्ड को भारतीय क्रिकेट टीम का नया कोच नियुक्त किया है. वो ग्रेग चैपल का स्थान लेंगे.

बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने पत्रकारों को बताया कि फ़ोर्ड को सिर्फ़ एक साल के लिए कोच नियुक्त किया गया है.

इससे पहले चेन्नई में कोच के चयन के लिए गठित समिति की बैठक में ग्राहम फ़ोर्ड और जॉन एम्बुरी ने अपना-अपना दावा पेश किया.

हालाँकि एम्बुरी प्रभावित नहीं कर सके और समिति ने फ़ोर्ड के नाम पर मुहर लगा दी.

बीसीसीआई की कार्यकारिणी की 12 जून को बैठक होगी जिसमें फ़ोर्ड के चयन को औपचारिक तौर पर मंज़ूरी दी जाएगी.

कोच के चयन के लिए गठित समिति की अगुआई बीसीसीआई अध्यक्ष शरद पवार कर रहे थे. इनमें पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री और श्रीनिवास वेंकटराघवन भी शामिल थे.

अनुभव

ग्राहम फ़ोर्ड न्यूज़ीलैंड के जॉन राइट और ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल के बाद लगातार तीसरे ऐसे कोच होंगे जो भारत से बाहर के हैं.

वे कब से टीम के साथ जुड़ेंगे, इस पर एन श्रीनिवासन का कहना था, "फ़ोर्ड हमें अगले हफ़्ते इस बात की जानकारी दे देंगे."

तय कार्यक्रम के मुताबिक केंट और हैम्पशायर के बीच होने वाले वनडे मैच के लिए फ़ोर्ड को रविवार को ब्रिटेन पहुँचना है

ग्राहम फ़ोर्ड फिलहाल केंट काउंटी के कोच हैं. इसस पहले 1999 से 2001 तक वे दक्षिण अफ़्रीका के कोच रहे हैं और इस दौरान टीम ने 11 में से नौ सिरीज़ में जीत हासिल की थी.

इसके बाद सन् 2004 में उन्होंने ब्रिटेन की केंट काउंटी के कोच का पद संभाल लिया.

गौरतलब है कि विश्व कप से शर्मनाक विदाई के बाद भारतीय कोच ग्रेग चैपल ने टीम को अलविदा कह दिया था. हालाँकि वैसे भी उनका कॉंट्रैक्ट विश्व कप तक के लिए ही था.

विश्व कप में ख़राब प्रदर्शन के बाद वेंकटेश प्रसाद को गेंदबाज़ी कोच और रॉबिन सिंह को फ़ील्डिंग कोच बनाया गया था.

अब ये दोनों ग्राहम फ़ोर्ड की सहायता करेंगे.