http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 07 जून, 2007 को 07:55 GMT तक के समाचार

सेमी फ़ाइनल में हारे भूपति-स्टिएपानेक

भारत के महेश भूपति और चेक गणराज्य के रादेक स्टिएपानेक की जोड़ी फ्रेंच ओपन टेनिस प्रतियोगिता से बाहर हो गई है. सेमी फ़ाइनल में वे हार गए.

सेमी फ़ाइनल में उन्हें बहामा के मार्क नोएल्स और कनाडा के डेनिएल नेस्टर की जोड़ी ने सीधे सेटों में 6-3 और 6-4 से मात दी.

भूपति और स्टिएपानेक की जोड़ी ने क्वार्टर फ़ाइनल में अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन सेमी फ़ाइनल में वे चूक गए.

क्वार्टर फ़ाइनल में भूपति और रादेक स्टिएपानेक की जोड़ी ने दूसरी वरीयता प्राप्त योनस ब्योर्कमैन और मैक्स मिर्नी की जोड़ी को 3-6, 6-1, 7-6 (8-6) हराया था.

इसलिए सेमी फ़ाइनल में उनसे काफ़ी उम्मीदें थी. लेकिन नोएल्स और नेस्टर की जोड़ी उन पर भारी पड़ी. पहला सेट नोएल्स और नेस्टर ने 6-3 से जीता.

दूसरे सेट में भूपति और स्टिएपानेक ने मेहनत की और मैच में वापसी की कोशिश भी की लेकिन नाकाम रहे.

फ्रेंच ओपन टेनिस प्रतियोगिता में भारत के ही एक अन्य खिलाड़ी लिएंडर पेस की चुनौती तब ख़त्म हो गई जब लिएंडर पेस मिश्रित युगल के क्वार्टर फ़ाइनल में हार गए.

अमरीका की अपनी महिला जोड़ीदार मेगान शॉगनेसी के साथ खेलते हुए पेस सुन टियानटिन और जूलियन नोएल्स की जोड़ी के हाथों अपना मैच 6-4, 4-6, 7-10 से गँवा बैठे.

पुरुष युगल मुक़ाबलों में पेस की चुनौती पहले ही ख़त्म हो चुकी है. अब पेस प्रतियोगिता से पूरी तरह बाहर हो गए है.