गुरुवार, 31 मई, 2007 को 09:38 GMT तक के समाचार
भारत के लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के मार्टिन डैम की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी फ़्रेंच ओपन के दूसरे दौर में पहुंच गई है.
पहले दौर के कड़े मुक़ाबले में पेस और डैम की जोड़ी ने फ़्रांस के जेरेमी चार्डी और जोनाथन इसेरिक की जोड़ी को हराया.
फ्रांस के होने के कारण मैच के दौरान चार्डी और इसेरिक को पुरज़ोर समर्थन मिला लेकिन पेस और डैम ने काफी मेहनत के बाद जीत दर्ज़ की.
दोनों सेट टाई ब्रेकर में गए और आखिरकार पेस-डैम ने 7-6(4), 7-6(2) से जीत दर्ज की.
तीसरी वरीयता प्राप्त होने के बाद पेस-डैम के खेल में कोई ख़ास बात नहीं दिखी और दोनों ख़िलाड़ियों ने कई मौक़े गँवाए.
पूरे मैच में उन्हें दस ब्रेक प्वाइंट मिले लेकिन केवल वो एक प्वाइंट को ही पूरे अंकों में बदल पाए.
पेस और डैम का अगला मुक़ाबला माइकल कोलमैन-रेनर श्यूटलर और तेमुराज़ गाबसविले- निकोलस मासू के बीच जीतने वाली जोड़ी के साथ होना है.
उधर पहले दौर में आसानी से जीतने वाली सानिया मिर्ज़ा का मुकाबला सर्बिया की एना इवानोविच से होना है.
सानिया को आज ही अपना डबल मुक़ाबला भी खेलना है. सानिया ने चेक गणराज्य की इवा बिरनरोवा के साथ जोड़ी बनाई है जिन्हें पहला मैच शीर्ष वरीयता प्राप्त लीजा रेमंड औ सामंथा स्टोसुर के साथ मैच खेलना है.