बुधवार, 23 मई, 2007 को 22:11 GMT तक के समाचार
फ़ुटबॉल की यूरोपीय चैम्पियंस लीग के फ़ाइनल में इटली के क्लब एसी मिलान ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड के लिवरपूल को 2-1 से हरा दिया.
इस तरह एसी मिलान ने सातवीं बार यूरोपीय कप जीत कर इतिहास बना दिया है.
एथेंस में खेले गए फ़ाइनल में एसी मिलान की ओर से फ़िलिपो इन्ज़ाग़ी ने दोनों गोल किए.
लिवरपूल की ओर खेल के आख़िरी क्षण में डर्क क्यूट ही एकमात्र गोल कर पाए.
दोनों टीमों में जाने-माने खिलाड़ी खेलते हैं. एसी मिलान में ब्राज़ील के काका हैं तो लिवरपूल की टीम में इंग्लैंड के जाने-माने खिलाड़ी स्टीवन जेरार्ड हैं. हालांकि इस मैच में दोनों ही खिलाड़ी गोल नहीं कर पाए.
पुराना हिसाब
इस हार के साथ ही एसी मिलान ने लिवरपूल से 2005 के फ़ाइनल का हिसाब चुकता कर लिया है.
तुर्की में खेले गए उस फ़ाइनल में लिवरपूल हाफ़ टाइम तक 3-0 से पिछड़ रहा था लेकिन बाद में तीन गोल कर वह बराबरी पर आ गया था.
उसके बाद फ़ैसला पेनल्टी शूट आउट से हुआ जिसमें लिवरपूल ने एसी मिलान को 3-2 से हराकर चैम्पियंस लीग ट्रॉफ़ी जीत ली थी.
इस बार एसी मिलान ने ब्रिटेन के क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड को 3-0 से हराकर चैम्पियंस लीग के फ़ाइनल में प्रवेश किया था. दूसरी ओर लिवरपूल चेल्सी को हरा कर फ़ाइनल में पहुँचा था.
मिलान इटली के उन चुनिंदा क्लबों में से एक है जो पिछले साल मैच फिक्सिंग के घेरे में आ गए थे.
इतालवी फ़ुटबॉल अधिकारियों ने पहले उन्हें चैम्पियंस लीग में भाग लेने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था.
बाद में इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ क्लब की अपील मंज़ूर कर ली गई और तीसरे दौर से उसने इस टूर्नामेंट में भाग लिया.