शनिवार, 19 मई, 2007 को 18:45 GMT तक के समाचार
भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा ने मोरक्को ओपन टेनिस प्रतियोगिता में डबल्स का ख़िताब जीत लिया है जोकि इस साल उनका पहला डब्ल्यूटीए टेनिस ख़िताब है.
डबल्स मुक़ाबले में उन्होंने अमरीका की वानिया किंग के साथ अपनी जोड़ी बनाई थी और इस जोड़ी ने 6-1 और 6-2 के सीधे सैटों से जीत हासिल की.
सानिया और वानिया की जोड़ी का यह मुक़ाबला रोमानिया की एंड्री एहरिट वैंक और रूस की अनस्तासिया रोदियोनोवा की जोड़ी से हुआ.
फ़ेस में हुए इस मुक़ाबले में सानिया और वानिया की जोड़ी को डबल्स मुक़ाबले के फ़ाइनल में पहुँचने के लिए वॉकओवर मिला था.
सानिया और वानिया की इस जोड़ी को प्रतियोगिता में शीर्ष वरीयता मिली थी.
फाइनल में पहुँचने के लिए इस जोड़ी का मुक़ाबला कैमाइल पिन और मिलाग्रोस सेक्वुरा की जोड़ी से होने वाला था लेकिन यह जोड़ी बीमारी का कारण बताकर मैच से बाहर हो गई थी जिसके बाद सानिया-वानिया की जोड़ी को स्वतः ही फाइनल में जगह मिल गई.
सानिया मिर्ज़ा इस प्रतियोगिता के एकल मुक़ाबले के पहले दौर में ही बाहर हो गई थीं और डबल्स फाइनल में भी उन्होंने कड़े मुक़ाबले की अपेक्षा की थी लेकिन क़िस्मत ने शायद उनका साथ दिया और सीधे सैटों में जीत हासिल हो गई. हालाँकि वहाँ का मौसम भी ख़ासा गर्म है.
सानिया और वानिया पहली बार डबल्स में एक साथ मैदान में उतरी थीं.
मोरक्को टेनिस प्रतियोगिता में ईनाम की राशि एक लाख 45 हज़ार डॉलर है.