http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 18 मई, 2007 को 02:28 GMT तक के समाचार

सानिया मोरक्को ओपन के सेमीफ़ाइनल में

भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा और अमरीकी खिलाड़ी वानिया किंग की जोड़ी मोरक्को ओपन की डबल्स स्पर्धा के सेमीफ़ाइनल में पहुँच गई है.

सानिया और वानिया ने लागोस्तेरा विवेस और पैरा सांतोंजा की जोड़ी को टाइब्रेकर तक पहुँचे संघर्षपूर्ण मुक़ाबले में हरा दिया.

सानिया मिर्ज़ा और वानिया ने पहले सेट में पिछड़ने के बाद ज़ोरदार वापसी की और दूसरा सेट 6-2 से जीत लिया.

तीसरे सेट का फ़ैसला टाईब्रेकर में हुआ जिसमें सानिया की जोड़ी हावी हो गई.

इससे पहले चोट से उबरने के बाद पहला टूर्नामेंट खेल रही सानिया मंगलवार को मोरक्को ओपन टेनिस प्रतियोगिता के एकल मुक़ाबले के पहले राउंड में ही बाहर हो गई थीं.

सानिया को अर्जेंटीना की एमीलिया सैलर्नी ने 6-2 और 7-5 से हरा दिया था.

हालाँकि डबल्स मुक़ाबले के पहले मैच में सानिया और वानिया किंग की जोड़ी ने रूस की एल्ला कुद्रयावत्सेवा और यूक्रेन की ओल्गा सावचुक की जोड़ी को 6-3, 5-7, 10-8 से हराया था.

20 वर्षीया सानिया पैर में चोट के कारण लगभग ढाई महीने से कोर्ट से दूर थीं.