मंगलवार, 15 मई, 2007 को 18:05 GMT तक के समाचार
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा मंगलवार को मोरक्को ओपन टेनिस प्रतियोगिता के एकल मुक़ाबले के पहले राउंड में ही बाहर हो गईं.
सानिया को अर्जेंटीना की एमीलिया सैलर्नी ने पहले ही मुक़ाबले में बाहर कर दिया.
सानिया एमीलिया के हाथों 6-2 और 7-5 से हार गईं.
हालांकि इससे पहले उन्होंने मोरक्को ओपन टेनिस की डबल्स स्पर्धा का पहला मैच जीतकर कोर्ट पर अपनी धमाकेदार वापसी की थी.
लोगों को उम्मीद थी कि एकल मुक़ाबले में भी सानिया कुछ ऐसे ही रंग और तेवर दिखाएंगी पर ऐसा नहीं हो सका.
20 वर्षीया सानिया पैर में चोट के कारण लगभग ढाई महीने से कोर्ट से दूर थीं.
डबल्स मुक़ाबला खेलने के बाद हैदराबादी बाला ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद खेलते हुए उन्हें रोमांच और घबराहट का मिला-जुला अनुभव हुआ.
उन्होंने कहा, "मैं जब आज कोर्ट पर उतरी तो सोच रही थी कि मैं इतने दिनों तक प्रतिस्पर्धा के जज़्बे से कितनी दूर थी."