सोमवार, 14 मई, 2007 को 04:40 GMT तक के समाचार
पहले दो वनडे जीतने के बाद भारतीय टीम तीसरे मैच के लिए चटगाँव पहुँच गई है. लेकिन भारतीय टीम गर्मी और उमस से परेशान है.
भारतीय टीम के साथ दौरा कर रहे पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी अरुण लाल ने बीबीसी को बताता कि भारतीय टीम की सबसे बड़ी परेशानी गर्मी और उमस है.
उनका कहना था कि इसकी वजह से शरीर में पानी की कमी हो रही है और माँसपेशियों में खिंचाव की समस्या पेश आ रही है.
उन्होंने बताया कि उनकी भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ से भी इस संबंध में बात हुई थी और सभी खिलाड़ियों को खूब पानी पीने और नमक लेने की सलाह दी गई है.
सिरीज़ के पहले दो वनडे मुक़ाबले मीरपुर में हुए थे और तीसरा मुक़ाबला मंगलवार को चटगाँव में होगा.
मीरपुर में हुए दूसरे एकदिवसीय मैच में भारत ने बांग्लादेश को 46 रनों से हराकर तीन मैचों की सिरीज़ 2-0 से जीत ली. पहला मैच भारत पाँच विकेट से जीता था.
वनडे सिरीज़ के बाद दो टेस्ट मैच भी खेले जाएँगे. पहला मैच चटगाँव में और दूसरा टेस्ट ढाका में खेला जाएगा.
भारतीय टीम चटगाँव पहुँच गई है और वहाँ टीम की सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. सोमवार को भारतीय टीम अभ्यास करेगी.