गुरुवार, 03 मई, 2007 को 14:47 GMT तक के समाचार
बांग्लादेश के ख़िलाफ़ सिरीज़ की तैयारी के लिए कोलकाता में चल रहे अभ्यास कैंप के दौरान बुधवार को मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की ऐड़ी में मोच आ गई थी.
लेकिन गुरुवार को अभ्यास कैंप में सचिन तेंदुलकर आए. पहले सचिन की चोट को लेकर आशंका जताई जा रही थी कि कहीं चोट गंभीर तो नहीं है.
गुरुवार को दूसरे सत्र में अभ्यास के लिए पहुँचे सचिन के साथ-साथ अन्य खिलाड़ियों को भी 'इनडोर प्रैक्टिस' करनी पड़ी क्योंकि बारिश होने लगी.
हालाँकि पहले सत्र में खिलाड़ियों ने फ़ील्डिंग की प्रैक्टिस की और फ़िटनेस पर भी ध्यान दिया.
बांग्लादेश दौरे के लिए नियुक्त क्रिकेट मैनेजर रवि शास्त्री ने इस पर विशेष ध्यान दिया कि खिलाड़ी समय का पूरा लाभ उठाएँ.
परिश्रम
रॉबिन सिंह ने 45 मिनट तक खिलाड़ियों को क्षेत्ररक्षण का अभ्यास करवाया. जबकि गेंदबाज़ी कोच रॉबिन सिंह ने भी नेट्स पर गेंदबाज़ी के गुर सिखाए.
लेकिन स्थानीय समय के मुताबिक़ क़रीब पौने दो बजे बारिश शुरू हो गई. बेमौसम हुई इस बारिश के कारण खिलाड़ियों को ईडन गार्डन के पास स्थित पंकज गुप्ता इनडोर स्टेडियम में जाकर अभ्यास करना पड़ा.
इसमें सचिन तेंदुलकर भी शामिल हुए. भारत को अगले सप्ताह बांग्लादेश के दौरे पर जाना है, जहाँ उसे तीन एक दिवसीय मैच और दो टेस्ट मैच खेलने हैं.
वैसे तो सचिन तेंदुलकर और सौरभ गांगुली को वनडे टीम में जगह नहीं मिली है लेकिन टेस्ट टीम में उन्हें शामिल किया गया है.
और इस कारण दोनों खिलाड़ी दौरे से पहले चल रहे कैंप में हिस्सा ले रहे हैं.