http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 28 अप्रैल, 2007 को 19:15 GMT तक के समाचार

दिल्ली करेगा 2020 के ओलंपिक की दावेदारी

भारतीय ओलंपिक संघ का कहना है कि वर्ष 2020 में होने वाले ओलंपिक खेलों का आयोजन राजधानी दिल्ली में करने के लिए दावेदारी पेश की जाएगी.

ग़ौरतलब है कि भारत ने वर्ष 2014 के एशियाई खेलों के लिए इसी महीने अपनी दावेदारी खो दी थी. 2014 के एशियाई खेलों का आयोजन अब दक्षिण कोरिया में हो रहा है.

इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय ओलंपिक संघ ने तय किया है कि वे अब वर्ष 2016 के ओलंपिक खेलों के लिए दावेदारी नहीं करेंगे.

पर इसके बाद अगले आयोजन, जो कि 2020 में होना है, के लिए भारत की राजधानी दिल्ली को आयोजन स्थल के रूप में चुने जाने की दावेदारी की जाएगी.

दिल्ली में वर्ष 2010 में कॉमनवेल्थ खेलों का आयोजन हो रहा है. इसके अलावा वर्ष 2011 का अगला विश्व कप क्रिकेट भी भारत में होगा.

इस बारे में जानकारी देते हुए भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने कहा, "हम 2010 में कॉमनवेल्थ खेलों के समापन के साथ ही ओलंपिक खेलों के आयोजन की तैयारी शुरू कर देंगे."

2020 के ओलंपिक खेलों के लिए दावेदारी की शुरुआत 2011 से होगी.

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के प्रमुख ज्याक़ रॉग ने भी भारत में एक ओलंपिक विभाग का उदघाटन करते हुए सुरेश कलमाडी से कहा है कि भारत को 2020 के ओलंपिक खेलों की दावेदारी पेश करनी चाहिए.

उन्होंने यह भी कहा कि भारत जिस तेज़ी से विकास कर रहा है उससे संभावनाएँ बढ़ती नज़र आ रही हैं. भारत के पास 2013 तक का समय है और इस दौरान भारत अपनी दावेदारी के लिए तैयारी कर सकता है.

2020 के ओलंपिक खेलों के मेज़बान देश का फैसला 2013 में किया जाएगा.