शुक्रवार, 20 अप्रैल, 2007 को 08:25 GMT तक के समाचार
भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे के लिए शुक्रवार को खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा.
टीम के चयन के लिए चयनकर्ताओं की मुंबई में बैठक हो रही है जिसके बाद टीम की घोषणा की जाएगी.
टीम के मैनेजर रवि शास्त्री ने बांग्लादेश दौरे के लिए युवा खिलाड़ियों को मौक़ा दिए जाने की वकालत की है.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी युवा खिलाड़ियों चुनने की बात कही है.
प्रेक्षकों का मानना है कि विश्व कप में भारतीय टीम के ख़राब प्रदर्शन और कोच ग्रेग चैपल की विदाई के बाद चयनकर्ताओं का काम आसान नजर नहीं आ रहा है.
चयन समिति के प्रमुख दिलीप वेंगसरकर और उनके साथी वेंकटपति राजू, भूपिंदर सिंह, संजय जगदाले और रंजीब बिस्वाल टीम का चयन करेंगे.
द्रविड़ को बांग्लादेश, इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए कप्तान चुना गया है जबकि रवि शास्त्री इस दौरे के लिए मैनेजर नियुक्त किए गए हैं.
सभी की निगाहें सौरभ गांगुली, सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, इरफ़ान पठान, अजित अगरकर जैसे खिलाड़ियों पर लगी हैं कि ये खिलाड़ी टीम में जगह बना पाते हैं अथवा नहीं.
माना जा रहा है कि अधिकांश बदलाव एकदिवसीय टीम में किए जाने की संभावना है.