गुरुवार, 19 अप्रैल, 2007 को 22:24 GMT तक के समाचार
वेस्टइंडीज़ क्रिकेट टीम के कप्तान ब्रायन लारा ने शनिवार को इंग्लैंड के ख़िलाफ एकदिवसीय मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है.
उल्लेखनीय है कि लारा ने विश्व कप के सुपर आठ मैचों में लगातार चार मैच हारने के बाद एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास लेने की बात कही थी.
हालांकि अब उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वो विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलेंगे.
ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि लारा आने वाले दिनों में इंग्लैंड के ख़िलाफ टेस्ट सीरिज़ में खेलेगें लेकिन उन्होंने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है.
लारा इस समय 38 वर्ष के हैं. बारबाडोस में एक संवाददाता सम्मेलन में लारा ने कहा ' शनिवार को एक खिलाड़ी के तौर पर मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दूंगा.'
उन्होंने कहा ' मैंने अपने फ़ैसले के बारे में बोर्ड को और खिलाड़ियों को पहले ही बता दिया है. '
लारा ने नाम टेस्ट क्रिकेट में 400 रन बनाने और प्रथम श्रेणी के मैचों मं 501 रन बनाने का विश्व रिकार्ड है.